श्रीकांत दास / विशाल विचार

साहिबगंज (झारखंड)।हिंदू धर्म रक्षा मंच के केंद्रीय अध्यक्ष संत कुमार घोष ने बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हो रहे निरंतर हमलों, हत्याओं और लूटपाट की घटनाओं पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कथित चुप्पी को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने भाजपा के इस रवैये को निंदनीय, निराशाजनक और हिंदू समाज के साथ विश्वासघात करार दिया है।संत कुमार घोष ने कहा कि भाजपा स्वयं को विश्व की एकमात्र हिंदू हितैषी पार्टी बताती है, लेकिन जब पड़ोसी देश बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर खुलेआम अत्याचार हो रहे हैं, तब उसकी खामोशी कई गंभीर सवाल खड़े करती है।उन्होंने कहा, “यदि भाजपा सच में हिंदुओं की आवाज है, तो फिर बांग्लादेश में हिंदुओं के नरसंहार और उत्पीड़न पर वह मौन क्यों है? यह चुप्पी उन लाखों हिंदुओं के साथ विश्वासघात है, जो भाजपा को अपना रक्षक और प्रतिनिधि मानते रहे हैं।”हिंदू धर्म रक्षा मंच का मानना है कि बांग्लादेश में हिंदू समुदाय आज अस्तित्व के गंभीर संकट से जूझ रहा है। मंदिरों पर हमले, घरों की लूटपाट, महिलाओं पर अत्याचार और हत्याओं की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन अंतरराष्ट्रीय मंचों पर इस मुद्दे को गंभीरता से नहीं उठाया जा रहा है।मंच का कहना है कि भाजपा और केंद्र सरकार की यह चुप्पी न केवल निराशाजनक है, बल्कि वैश्विक स्तर पर हिंदू हितों की रक्षा को लेकर उनकी प्रतिबद्धता पर भी प्रश्नचिह्न लगाती है।संत कुमार घोष ने केंद्र सरकार से मांग की कि वह इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करे और बांग्लादेश सरकार पर कूटनीतिक दबाव बनाकर वहां रह रहे हिंदुओं की जान-माल और धार्मिक स्वतंत्रता की सुरक्षा सुनिश्चित करे।उन्होंने देशभर के सभी हिंदू संगठनों से अपील की कि वे दलगत राजनीति से ऊपर उठकर बांग्लादेशी हिंदुओं के समर्थन में एकजुट होकर आवाज़ बुलंद करें।संत कुमार घोष ने चेतावनी देते हुए कहा, “यदि समय रहते ठोस और प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो इतिहास इस चुप्पी को कभी माफ नहीं करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *