अध्यक्ष पद पर समर्पित प्रत्याशी उतारने की रणनीति पर मंथन, कार्यकर्ताओं से मांगे गए नाम।

श्रीकांत दास / विशाल विचार
राजमहल साहिबगंज।भारतीय जनता पार्टी नगर इकाई द्वारा बर्मन कॉलोनी स्थित दुर्गा मंदिर प्रांगण में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता नगर अध्यक्ष दीपक चंद्रवंशी ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर निकाय चुनाव के संथाल परगना सह-प्रभारी एवं गोड्डा के पूर्व विधायक अमित मंडल तथा जिला अध्यक्ष गौतम यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे।बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी नगर पंचायत चुनाव को लेकर रणनीति तैयार करना था। इस दौरान अध्यक्ष पद पर भाजपा के समर्पित एवं योग्य प्रत्याशी उतारने को लेकर गहन विचार-विमर्श किया गया। चुनाव लड़ने के इच्छुक कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने नामों का प्रस्ताव पार्टी नेतृत्व के समक्ष रखा।मुख्य अतिथि अमित मंडल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की ताकत उसकी संगठनात्मक एकजुटता है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पार्टी द्वारा जिस भी एक नाम पर सहमति बनेगी, सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और एकजुटता के साथ उसे विजयी बनाने का कार्य करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अनुशासन और संगठन हित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।जिला अध्यक्ष गौतम यादव ने भी संगठन को मजबूत करने पर बल देते हुए कहा कि नगर पंचायत चुनाव में भाजपा पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरेगी और जनता का विश्वास जीतकर सफलता प्राप्त करेगी।बैठक में प्रमुख रूप से धर्मेंद्र मंडल, उज्जवल मंडल, कार्तिक साहा, अजय चौधरी, मंजू सिंह, संगीता देवी, अनीता बाशाक, अरविंद मिश्रा, फकीर चंद्र मंडल, पंकज घोष, चंदा देवी, रितेश साहा, सूरज यादव, राजकुमार मंडल, संतोष यादव, गोपू श्रीवास्तव, कैलाश पासवान, विक्रम प्रताप, मनोज साहा सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।बैठक का समापन संगठन को मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को गति देने के संकल्प के साथ किया गया।
