
श्रीकांत दास / विशाल विचार
राजमहल साहिबगंज राजमहल अंचल कार्यालय के सभागार में सेक्टर 5, 6 एवं 7 की आंगनवाड़ी सेविकाओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सीडीपीओ दानिश हुसैन ने की, जिसमें सरकार की चल रही महत्वाकांक्षी योजनाओं के अपेक्षित परिणाम, साझा प्रयास, प्राथमिक दायित्व और उद्देश्यों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान सेविकाओं को आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए।बैठक में यह जानकारी दी गई कि जिन सेविकाओं को जीपीएस एवं FRS से संबंधित पुनः प्रशिक्षण की आवश्यकता है, उन्हें चिन्हित कर लिया गया है। ऐसे सभी सेविकाओं के लिए जल्द ही एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, ताकि क्षेत्रीय कार्यों में किसी प्रकार की तकनीकी बाधा न आए।सीडीपीओ ने आंगनवाड़ी केंद्रों की सफाई व्यवस्था, नियमित संचालन, बच्चों को गुणवत्तापूर्ण पोषण आहार उपलब्ध कराने तथा टेक होम राशन (THR) के पारदर्शी वितरण पर विशेष बल दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु नियमित निगरानी, फीडबैक और फील्ड विज़िट लगातार जारी रहेंगे।बैठक में प्रत्येक सेक्टर से दो सेविकाओं के चयन की प्रक्रिया पर भी सहमति बनी, जो सेक्टर स्तरीय समस्याओं पर गंभीरतापूर्वक चर्चा करने, त्वरित सूचना संप्रेषण में सहयोग देने तथा आगामी प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भागीदारी सुनिश्चित करेंगी। इससे क्षेत्रीय कार्यों में समन्वय और दक्षता बढ़ने की उम्मीद जताई गई।इस दौरान सेविकाओं ने आंगनवाड़ी केंद्रों पर बिजली, पानी एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता से संबंधित समस्याएँ भी रखीं। इस पर सीडीपीओ ने आश्वस्त किया कि इन मुद्दों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई हेतु संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित किया जाएगा।बैठक का मुख्य उद्देश्य सेवा वितरण की गुणवत्ता बढ़ाना, पोषण से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को मजबूत करना, मातृ-शिशु स्वास्थ्य में सुधार लाना तथा सामूहिक दायित्व भावना को प्रोत्साहित करना रहा।
