
श्रीकांत दास / विशाल विचार
राजमहल (साहिबगंज) लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर राजमहल मॉडल कॉलेज, में सप्ताहव्यापी कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की दोनों इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों ने राजमहल स्थित वीर सिदो-कान्हू मुर्मू तथा नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमाओं की साफ-सफाई की, उन्हें माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही, प्रतिभागियों ने समाज में स्वच्छता, राष्ट्रभक्ति और एकता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया।कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने की। इस अवसर पर कार्यक्रम पदाधिकारी रमजान अली एवं डॉ. अमित कुमार ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम का संचालन किया।अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य डॉ. सिंह ने कहा कि “सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन देश की एकता, अखंडता और सेवा भावना का प्रतीक है। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर युवा पीढ़ी राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकती है।”इस कार्यक्रम में दर्जनों एनएसएस स्वयंसेवक — अशरफ अली, नवेंदु, वृष्टि दास, दीप्ति दास, रवीना हालदार, स्वीटी खातून, गुलाबी खातून, नफीसा खातून, स्नेहा तथा अन्य — उत्साहपूर्वक शामिल हुए। स्वयंसेवकों ने “एकता में शक्ति है” का संदेश देते हुए समाज में सामूहिक जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थितों ने राष्ट्रगान गाया और सरदार पटेल सहित सभी महान स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया।

