उपायुक्त हेमंत सती एवं पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।

श्रीकांत दास / विशाल विचार
साहिबगंज, उपायुक्त कार्यालय सभागार में उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में कारा एवं न्यायालय सुरक्षा व्यवस्था तथा जिला सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में मुख्य रूप से पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह उपस्थित रहे। बैठक का उद्देश्य जिले में कारा एवं न्यायालय परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, प्रभावी एवं समन्वित बनाना था।बैठक के दौरान उपायुक्त ने साहिबगंज कारा की सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कारा परिसर में स्थापित CCTV कैमरों की स्थिति की जानकारी ली तथा खराब कैमरों को शीघ्र मरम्मत कर चालू कराने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि कारा सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि कारा का मुख्य द्वार (Main Gate) निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप ही खोला और बंद किया जाए ताकि सुरक्षा में कोई चूक न हो।उपायुक्त ने अनुमंडल पदाधिकारी को निर्देश दिया कि वे प्रत्येक 15 दिनों में एक बार कारा का निरीक्षण करें तथा निरीक्षण प्रतिवेदन जिला प्रशासन को उपलब्ध कराएँ। उन्होंने कहा कि नियमित निरीक्षण से कारा की सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों की स्थिति एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की सतत निगरानी सुनिश्चित हो सकेगी।बैठक में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने पुलिस बल की तैनाती, CCTV निगरानी और गश्ती प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जिले के सभी सुरक्षा कर्मियों एवं अंगरक्षकों को विशेष प्रशिक्षण (Training) प्रदान किया जाए ताकि वे किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित एवं समुचित कार्रवाई कर सकें
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी पदाधिकारियों के अंगरक्षकों को प्रशिक्षण प्रदान करने की समुचित व्यवस्था की जाए, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और अधिक पेशेवर एवं सुदृढ़ बन सके। उन्होंने कहा कि “सुरक्षा केवल उपकरणों या बल की संख्या से नहीं, बल्कि सतर्कता, समन्वय और समय पर कार्रवाई से सुनिश्चित होती है।”बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित सुरक्षा उपायों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा की। उपायुक्त ने कहा कि प्रशासनिक एवं पुलिस तंत्र के बीच घनिष्ठ समन्वय बनाए रखते हुए जिले में कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा को मजबूत बनाए रखना सभी की साझी जिम्मेदारी है।बैठक में अपर समाहर्ता गौतम भगत, अनुमंडल पदाधिकारी अमर जॉन आईन्द, जिला आपूर्ति पदाधिकारी झुनू कुमार मिश्रा, कारा अधीक्षक सहित अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे। बैठक का समापन उपायुक्त द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश के साथ किया गया।
