उपायुक्त हेमंत सती ने योजनाओं के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध कार्यान्वयन का दिया निर्देश।

श्रीकांत दास / विशाल विचार

साहिबगंज उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में बुधवार कार्यालय प्रकोष्ठ में कृषि, सहकारिता एवं उद्यान विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं तथा समेकित बिरसा ग्राम विकास योजना-सह-कृषक पाठशाला योजना के तहत जिला स्तरीय अनुश्रवण समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।बैठक में उपायुक्त ने विभागीय अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति प्रतिवेदन की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा किसानों की आर्थिक उन्नति, आत्मनिर्भरता एवं ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण योजनाएँ चलाई जा रही हैं। अतः आवश्यक है कि इन योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध कार्यान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक कृषक परिवार इसका लाभ उठा सकें।उपायुक्त ने समेकित बिरसा ग्राम विकास योजना के तहत चयनित गाँवों में अब तक की उपलब्धियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि लक्षित कार्यों—जैसे कृषक समूहों का गठन, बीज वितरण, जैविक खेती के प्रशिक्षण, बागवानी विस्तार तथा तालाब निर्माण—की प्रगति नियमित रूप से की जाए और उसका प्रतिवेदन समय पर जिला नियंत्रण कक्ष को उपलब्ध कराया जाए।उन्होंने कहा कि बिरसा ग्राम योजना का मूल उद्देश्य ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना एवं किसानों की आमदनी में स्थायी वृद्धि सुनिश्चित करना है। इसके लिए प्रत्येक पंचायत स्तर पर कृषि प्रसार अधिकारियों को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। साथ ही कृषक पाठशाला योजना के माध्यम से किसानों को नई कृषि तकनीक, फसल विविधीकरण, प्राकृतिक खेती एवं जल संरक्षण संबंधी जानकारी व्यवहारिक रूप से दी जानी चाहिए, ताकि उनकी उत्पादकता बढ़ सके।बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी प्रमोद एक्का, जिला सहकारिता पदाधिकारी महादेव मुर्मू, जिला मत्स्य पदाधिकारी विरेन्द्र विन्हा समेत संबंधित विभागों के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *