
श्रीकांत दास / विशाल विचार
साहिबगंज।समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी हेमंत सती की अध्यक्षता में ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करना एवं उनके प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना था।बैठक के दौरान उपायुक्त ने पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की विस्तृत जानकारी संबंधित पदाधिकारियों से प्राप्त की। उन्होंने लंबित एवं प्रगतिरत योजनाओं की बारीकी से समीक्षा करते हुए कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता तथा समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का स्पष्ट निर्देश दिया।उपायुक्त ने कहा कि ग्रामीण विकास से संबंधित सभी योजनाओं का सीधा और वास्तविक लाभ आम जनता तक पहुँचना चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय, जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं एवं बाधाओं को चिन्हित कर उन्हें शीघ्र समाधान करने के निर्देश भी दिए।समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूर्ण किए जाएँ।बैठक में ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल के अभियंता रमाकांत, सहित संबंधित विभाग के कनीय अभियंता एवं सहायक अभियंता उपस्थित रहे।
