
श्रीकांत दास / विशाल विचार
साहिबगंज,उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी कार्यालय प्रकोष्ठ में मंगलवार उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी हेमंत सती की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान सैकड़ों ग्रामीण एवं शहरी नागरिक अपनी-अपनी समस्याएं लेकर उपस्थित हुए और सीधे जिला प्रशासन के मुखिया के समक्ष अपनी बातें रखीं।जनता दरबार में भूमि विवाद, पेंशन भुगतान, पेयजल संकट, स्वास्थ्य सेवाएं, बिजली आपूर्ति, शिक्षा व्यवस्था तथा अन्य विभागीय मामलों से जुड़ी कई शिकायतें सामने आईं। उपायुक्त हेमंत सती ने प्रत्येक शिकायतकर्ता से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया।उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन का लक्ष्य है—हर नागरिक को समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण समाधान उपलब्ध कराना।”उपायुक्त हेमंत सती ने यह भी निर्देश दिया कि सभी विभाग अपने स्तर से की गई कार्रवाई की रिपोर्ट उपायुक्त कार्यालय को अनिवार्य रूप से सौंपें, ताकि निगरानी और पारदर्शिता बनी रहे।ज्ञात हो कि साहिबगंज जिले में प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को जनता दरबार का आयोजन किया जाता है, जिसमें आमजन अपनी समस्याओं को सीधे उपायुक्त हेमंत सती के समक्ष रख सकते हैं। इस पहल ने प्रशासनिक कार्यसंस्कृति को नई दिशा दी है — अब लोग बिना किसी मध्यस्थ के अपनी बात जिला प्रशासन तक पहुँचा पा रहे हैं। इससे शासन और जनता के बीच संवाद मजबूत हुआ है तथा आम लोगों में यह विश्वास गहराया है कि प्रशासन उनकी समस्याओं को सुनने और समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।इस अवसर पर जिला नियोजन पदाधिकारी सह जन सूचना कोषांग प्रभारी मनोज मनजीत भी उपस्थित थे। उन्होंने जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों के त्वरित समाधान की कार्रवाई का आश्वासन आमजनों को दिया।
