
श्रीकांत दास / विशाल विचार
बोरियों साहिबगंज। बोरियों सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र,के तत्वावधान में आयुष्मान आरोग्य मंदिर चसगामा स्थित पथरा एवं सोसो टोला (सेंटिनल साइट) गाँव में फाइलेरिया उन्मूलन के उद्देश्य से रात्रि रक्तपट संग्रह अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया।कार्यक्रम का उद्घाटन सिविल सर्जन-सह-मुख्य चिकित्सक, साहिबगंज डॉ. रामदेव पासवान एवं ग्राम मुखिया गोलमा सोरेन द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया।

इस अभियान के तहत रात्रि 8:00 बजे से मध्यरात्रि 12:00 बजे तक 20 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों से रक्तपट का नमूना संग्रह किया जा रहा है।इसी क्रम में रात्रि चौपाल का आयोजन कर ग्रामीणों को वेक्टर जनित रोगों — कालाजार, मलेरिया, फाइलेरिया, डेंगू — के साथ-साथ नियमित टीकाकरण, एनीमिया मुक्त भारत, जीरो डोज एवं परिवार नियोजन जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य योजनाओं के बारे में जागरूक किया गया।चौपाल स्थल पर ही ग्रामीणों का बीपी, शुगर, सिकल सेल एनीमिया, मलेरिया, कालाजार, फाइलेरिया, यक्ष्मा एवं एचआईवी सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच की गईं

तथा आवश्यक दवाओं का वितरण भी किया गया। इसके अतिरिक्त आभा कार्ड एवं आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए।इस विशेष आयोजन के दौरान अबतक कुल 209 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिनमें 92 व्यक्तियों का एनसीडी स्क्रीनिंग तथा 87 आयुष्मान कार्ड बनाए गए।स्वास्थ्य विभाग द्वारा ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से जिले में जन-जागरूकता बढ़ाने, बीमारियों की समय पर पहचान सुनिश्चित करने एवं समग्र स्वास्थ्य सेवाओं को आम जनता तक पहुँचाने की दिशा में सराहनीय पहल जारी है।
