अनुकम्पा से जुड़े 18 मामलों पर हुआ विचार, दस्तावेजों की गहन जांच के निर्देश।

श्रीकांत दास / विशाल विचार
साहिबगंज जिला समाहरणालय के कार्यालय प्रकोष्ठ में उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में जिला स्थापना समिति एवं जिला अनुकम्पा समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला अनुकम्पा समिति से संबंधित विभिन्न विभागों से जुड़े कुल 18 मामलों को समिति के सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत किया गया।बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी आवेदनों को एक-एक कर गंभीरता से परखा। उन्होंने अनुकम्पा नियुक्ति से संबंधित आवेदकों के आयु प्रमाण पत्र, शैक्षणिक प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की विस्तारपूर्वक जांच की। जिन आवेदकों के दस्तावेज पूर्ण एवं सही पाए गए, उनके मामलों पर नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई की गई।वहीं, जिन आवेदकों के दस्तावेजों में किसी प्रकार की कमी पाई गई, उन्हें आवश्यक कागजात पूर्ण कर अगली बैठक में पुनः प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया, ताकि किसी भी पात्र आवेदक के साथ अन्याय न हो।इसके अतिरिक्त जिला स्थापना समिति की बैठक में जिले के विभिन्न कार्यालयों में लंबे समय से कार्यरत लिपिक संवर्ग के कर्मियों से जुड़े मामलों, सेवा संतुष्टि, विभागीय कार्रवाई के 07 मामले एवं स्थानांतरण से संबंधित मामलों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।उपायुक्त ने सभी मामलों का नियम, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी झुनू कुमार मिश्रा, जिला शिक्षा पदाधिकारी दुर्गानंद झा, जिला शिक्षा अधीक्षक कुमार हर्ष, जिला कृषि पदाधिकारी प्रमोद एक्का सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं समिति सदस्य उपस्थित थे।
