
श्रीकांत दास / विशाल विचार
राजमहल (साहिबगंज):राजमहल स्थित मॉडल कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की दोनों इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम्” का सामूहिक गान आयोजित किया गया। इस अवसर पर पूरा कॉलेज परिसर देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत हो उठा।कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने की। अपने संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय गीत के इतिहास और महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि “वंदे मातरम्” बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित केवल एक गीत नहीं, बल्कि यह भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का प्रेरणास्रोत और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि यह गीत 7 नवंबर 1875 को लिखा गया था और इसने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान देशवासियों के हृदय में जोश और आत्मबल का संचार किया। आज भी यह गीत हमारी देशभक्ति की भावना को सशक्त बनाता है।इस अवसर पर कॉलेज के सभी शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। सभी ने पूरे सम्मान एवं उत्साह के साथ सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत का गायन किया तथा देश की एकता, अखंडता और गौरव की रक्षा का संकल्प लिया।कार्यक्रम का संचालन NSS कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रमज़ान अली एवं डॉ. अमित कुमार के संयुक्त निर्देशन में किया गया।अंत में प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने सभी को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और सामूहिकता की भावना को प्रोत्साहित करते हैं।
