लंबित आवेदनों के शीघ्र निष्पादन एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के दिए गए निर्देश।

श्रीकांत दास / विशाल विचार
साहिबगंज।झारखंड सरकार के कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न कृषि एवं आत्मा (ATMA) योजनाओं की प्रगति की समीक्षा को लेकर साहिबगंज जिले में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक कृषि निदेशक, झारखंड, राँची की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें जिले में संचालित कृषि योजनाओं की अद्यतन स्थिति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।बैठक में जिले के सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारी, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक (BTM) एवं सहायक तकनीकी प्रबंधक (ATM) उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य किसानों से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, लंबित आवेदनों के त्वरित निष्पादन तथा योजनाओं के माध्यम से किसानों को अधिकाधिक लाभ पहुंचाना रहा।जिला कृषि पदाधिकारी द्वारा कृषि निदेशक को जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया गया, जिनमें प्रमुख रूप से बीज विनिमय एवं वितरण योजना बिरसा फसल विस्तार योजना किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) योजना मिट्टी नमूना संग्रह योजना झारखंड कृषि ऋण माफी योजना प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY)डिजिटल क्रॉप सर्वे किसान समृद्धि योजना राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन (NFSM)के साथ-साथ केन्द्र प्रायोजित “प्रति बूँद अधिक फसल” योजना की भी विस्तार से समीक्षा की गई।कृषि निदेशक ने सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारियों, बीटीएम एवं एटीएम को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा सभी योजनाओं में भौतिक सत्यापन अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ वास्तविक और पात्र किसानों तक पहुँचना चाहिए।आत्मा योजना के अंतर्गत किसान समृद्धि योजना की समीक्षा करते हुए कृषि निदेशक ने निर्देश दिया कि सभी प्रखंडों में क्षेत्र भ्रमण कर अधिक से अधिक किसानों को योजना से जोड़ा जाए। साथ ही लक्ष्य के अनुरूप सोलर पंपों के अधिष्ठापन को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र कार्य पूर्ण कराया जाए।बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि फसल प्रत्यक्षण हेतु संकुल (क्लस्टर) का चयन कर, वितरित बीजों के आधार पर उत्पादन एवं उत्पादकता से संबंधित प्रतिवेदन समयबद्ध रूप से तैयार किया जाए, जिससे योजनाओं की प्रभावशीलता का सही मूल्यांकन हो सके।कृषि निदेशक ने विभागीय व्यय की प्रगति पर भी असंतोष जताते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर शीघ्र व्यय बढ़ाने का निर्देश दिया।इस अवसर पर जिला कृषि पदाधिकारी प्रमोद एक्का,जिला योजना एवं मूल्यांकन पदाधिकारी अरुण कुमार भोगता,उप परियोजना निदेशक, आत्मा मंटू कुमार,सहित सभी प्रखंडों के प्रखंड कृषि पदाधिकारी, BTM, ATM एवं अन्य विभागीय कर्मी उपस्थित रहे।
