
श्रीकांत दास / विशाल विचार
मण्डरों साहिबगंज उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बच्चा मण्डरों में जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी, साहिबगंज की अध्यक्षता में बाल संरक्षण पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को सामाजिक कुरीतियों से बचाने और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना था कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह, बाल श्रम, बाल तस्करी, पोक्सो अधिनियम, अपहरण, एसिड अटैक, फोस्टर केयर, आफ्टर केयर और प्रायोजन योजना जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। बच्चों को बताया गया कि बाल विवाह और बाल श्रम न केवल कानूनन अपराध हैं, बल्कि यह बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास को भी गंभीर रूप से प्रभावित करते हैं।इसके साथ ही पोक्सो (POCSO) अधिनियम के अंतर्गत बाल यौन शोषण से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई, ताकि बच्चे स्वयं और अपने साथियों को सुरक्षित रख सकें। उपस्थित विद्यार्थियों को एसिड अटैक और अपहरण जैसे गंभीर अपराधों से बचाव के उपायों से भी अवगत कराया गया।इस अवसर पर चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी भी साझा की गई। बताया गया कि यह नंबर 24×7 निःशुल्क संचालित है और संकट की स्थिति में किसी भी बच्चे या नागरिक को तुरंत सहायता प्रदान करता है।कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी, अभिभावक, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, जिला बाल संरक्षण इकाई के संरक्षण पदाधिकारी तथा चाइल्ड हेल्पलाइन टीम साहिबगंज के प्रतिनिधि उपस्थित थे। सभी ने सामूहिक रूप से यह संकल्प लिया कि वे अपने क्षेत्र में बाल संरक्षण के संदेश को फैलाएंगे और बच्चों के अधिकारों की रक्षा हेतु सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

