
श्रीकांत दास / विशाल विचार
बरहरवा (साहिबगंज) सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बरहरवा में रविवार को प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेला का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि पाकुड़ विधायक निसात आलम ने दीप प्रज्वलित कर किया।इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि विजय हांसदा, बीस सूत्री अध्यक्ष अशोक दास, जिला अध्यक्ष बरकत खान, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल गफूर, प्रखंड प्रमुख सुसीला हांसदा, अंचलाधिकारी अनोज कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी सन्नी दास एवं सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।मेले का संचालन सीएचसी प्रभारी डॉ. पंकज कर्मकार के नेतृत्व में किया गया। विभिन्न जांच केंद्रों में एनएनसी, आरबीएसके, कैंसर स्क्रीनिंग, परिवार
नियोजन,मलेरिया-कालाजार, नेत्र व दंत जांच, टीबी, कुष्ठ, टीकाकरण, आयुष्मान कार्ड निबंधन जैसी सेवाएं दी गईं।डॉक्टरों और सहिया दीदियों ने लोगों को बीमारियों की रोकथाम, पोषण, स्वच्छता, टीकाकरण एवं परिवार नियोजन के प्रति जागरूक किया। बड़ी संख्या में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने जांच करवाकर मुफ्त दवाइयों का लाभ उठाया।मुख्य अतिथि निसात आलम ने कहा कि “सरकार की मंशा है कि स्वास्थ्य सेवाएं हर गांव तक पहुंचें। ऐसे मेले ग्रामीणों के लिए अत्यंत उपयोगी हैं।” वहीं सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान ने बताया कि जिले के सभी प्रखंडों में ऐसे मेले आयोजित किए जा रहे हैं ताकि अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।दिनभर चले इस कार्यक्रम में सहिया, एएनएम, डॉक्टर, लैब टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट तथा स्वास्थ्य योजनाओं के प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी रही। स्वास्थ्य मेले में ग्रामीणों में भारी उत्साह देखा गया।
