उपायुक्त हेमंत सती ने अवैध खनन, सड़क सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक योजनाओं की गहन समीक्षा की।

श्रीकांत दास / विशाल विचार
साहिबगंज उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी हेमंत सती की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिला समन्वय समिति की मासिक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रबल गर्ग सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।बैठक के दौरान उपायुक्त ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए विभागवार प्रगति की जानकारी ली तथा कार्यों में तेजी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।खनन से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने जिले के सभी चेक नाकों पर नए सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया। साथ ही जिले में अवैध रूप से संचालित ईंट भट्टों को 15 जनवरी तक सभी आवश्यक दस्तावेज पूर्ण करने का आदेश दिया गया। समय सीमा के बाद कार्रवाई के संकेत भी दिए गए।जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में साइनेज बोर्ड लगाने तथा हिट एंड रन की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने का निर्देश दिया।वन विभाग से जुड़े फॉरेस्ट क्लियरेंस मामलों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया ताकि विकास कार्य बाधित न हों।अग्निशमन विभाग की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने जिले के सभी होटल एवं रेस्टोरेंट का फायर ऑडिट कराने का निर्देश दिया, ताकि अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में उपायुक्त ने जिले के 126 स्वास्थ्य केंद्रों में बिजली, पानी एवं संपर्क पथ (अप्रोच रोड) से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।सामाजिक सुरक्षा विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने ठंड के मद्देनज़र चौक-चौराहों पर अलाव जलाने एवं जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।समाज कल्याण विभाग की समीक्षा में उपायुक्त ने स्वास्थ्य उपकेंद्रों एवं आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली तथा आंगनबाड़ियों के नियमित संचालन पर विशेष जोर दिया।पीएचईडी विभाग की समीक्षा के दौरान बोरियो, बरहेट एवं बड़हरवा ग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं पर चर्चा की गई तथा सभी कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।भूमि संरक्षण विभाग की समीक्षा में निर्माणाधीन तालाब, चेक डैम एवं जीर्णोद्धार परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई तथा सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।बैठक में उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, परियोजना निदेशक आईटीडीए संजय कुमार दास, सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान, अपर समाहर्ता गौतम भगत, अनुमंडल पदाधिकारी राजमहल सदानंद महतो, जिला आपूर्ति पदाधिकारी झुनू कुमार मिश्रा, जिला परिवहन पदाधिकारी मिथलेश कुमार चौधरी सहित सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं अन्य विभागीय पदाधिकारी उपस्थित थे।बैठक के अंत में उपायुक्त ने सभी अधिकारियों से आपसी सामंजस्य, पारदर्शिता एवं तत्परता के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई, ताकि विकास योजनाओं का लाभ शीघ्र और प्रभावी रूप से आमजन तक पहुँच सके।
