श्रीकांत दास / विशाल विचार

राजमहल साहिबगंज। राजमहल मॉडल कॉलेज में सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय, दुमका द्वारा आयोजित यूजी तृतीय सेमेस्टर (सत्र 2023–27) की परीक्षा आज से विधिवत रूप से प्रारंभ हो गई। परीक्षा के पहले ही दिन दोनों पालियों में परीक्षाएँ पूर्णतः कदाचारमुक्त, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुईं।परीक्षा केंद्र पर प्रशासनिक व्यवस्थाएँ अत्यंत सुदृढ़ रहीं। परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रवेश, बैठक व्यवस्था, प्रश्नपत्र वितरण, उत्तर पुस्तिका संकलन तथा सुरक्षा व्यवस्था सहित सभी आवश्यक प्रबंध पहले से सुनिश्चित किए गए थे, जिससे परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।इस संबंध में जानकारी देते हुए प्राचार्य सह केंद्राधीक्षक डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप परीक्षा संचालन की सभी तैयारियाँ समय रहते पूरी कर ली गई थीं। उन्होंने बताया कि प्रथम पाली में कुल 160 परीक्षार्थियों में से 21 अनुपस्थित रहे, जबकि द्वितीय पाली में कुल 270 परीक्षार्थियों में से 23 अनुपस्थित पाए गए।डॉ. सिंह ने सभी परीक्षार्थियों से विशेष अपील करते हुए कहा कि वे परीक्षा की समय-सारिणी का गंभीरता से पालन करें, क्योंकि इस सत्र में परीक्षा समय में आंशिक परिवर्तन किया गया है। समय पर परीक्षा केंद्र पर उपस्थित रहना परीक्षार्थियों के हित में अत्यंत आवश्यक है।उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं अनुशासन बनाए रखने के लिए केंद्र पर सख्त निगरानी व्यवस्था लागू की गई है। प्रत्येक गतिविधि पर सतत निगरानी रखी जा रही है, ताकि परीक्षाएँ पूरी तरह कदाचारमुक्त एवं विश्वसनीय रूप से संपन्न हो सकें।प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने परीक्षा के सफल एवं सुचारू संचालन में सहयोग प्रदान करने वाले सभी शिक्षकों, पर्यवेक्षकों, सुरक्षाकर्मियों तथा महाविद्यालय के कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने परीक्षार्थियों को आगामी परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएँ देते हुए अनुशासन बनाए रखने और कदाचारमुक्त परीक्षा में सहयोग करने की अपील की।उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी परीक्षार्थी विश्वविद्यालय के नियमों का पालन करते हुए अपनी परीक्षाएँ सफलतापूर्वक संपन्न करेंगे।इस अवसर पर दंडाधिकारी भैया बेसरा, डॉ. रमजान अली, डॉ. विवेक कुमार महतो (परीक्षा नियंत्रक), डॉ. अमित कुमार सहित अन्य शिक्षकगण एवं कर्मी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *