श्रीकांत दास / विशाल विचार

राजमहल साहिबगंज राजमहल विधानसभा क्षेत्र के विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एम.टी. राजा ने राजमहल मॉडल कॉलेज का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कॉलेज की शैक्षणिक व्यवस्था, आधारभूत संरचना एवं उपलब्ध संसाधनों की विस्तार से जानकारी ली। कॉलेज प्रशासन द्वारा संचालित शैक्षणिक गतिविधियों एवं छात्रों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं पर विधायक ने संतोष व्यक्त किया।निरीक्षण के अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रंजीत कुमार सिंह ने विधायक का अंगवस्त्र देकर सम्मान किया। इस दौरान प्राचार्य ने कॉलेज में मानव संसाधन की कमी, आवश्यक शैक्षणिक सुविधाओं एवं अन्य जरूरतों से विधायक को अवगत कराया।विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एम.टी. राजा ने आश्वासन दिया कि कॉलेज में मानव संसाधन या बुनियादी सुविधाओं से संबंधित किसी भी प्रकार की कमी को शीघ्र दूर करने के लिए संबंधित विभाग के मंत्री से वार्ता की जाएगी। उन्होंने कहा कि राजमहल मॉडल कॉलेज में गुणवत्तापूर्ण एवं उत्कृष्ट शिक्षा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और इसके लिए सभी आवश्यक कार्य समयबद्ध रूप से किए जाएंगे।निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कॉलेज परिसर में फलदार पौधे का रोपण भी किया गया। विधायक ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण भी समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।इस अवसर पर कॉलेज के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *