
श्रीकांत दास / विशाल विचार
साहिबगंज। झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार अखिल कुमार के मार्गदर्शन में रविवार जिले के सभी प्रखंडों में विधिक सेवाएं सह मेगा सशक्तीकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में न्यायिक पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस शिविर का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को विधिक रूप से सशक्त बनाना, उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना रहा। जिले का मुख्य शिविर स्थानीय सिदो–कान्हू सभागार में आयोजित किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान न्यायाधीश, कुटुंब न्यायालय संजय कुमार उपाध्याय, उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव विश्वनाथ भगत, अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी तुषार आनंद एवं जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष प्रेम नाथ तिवारी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।अपने संबोधन में प्रधान न्यायाधीश संजय कुमार उपाध्याय ने कहा कि इस शिविर का उद्देश्य आम जनता को विधिक रूप से सशक्त बनाना है। नागरिकों को अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी होनी चाहिए तथा किसी भी कानूनी समस्या के समाधान हेतु वे बिना संकोच जिला विधिक सेवा प्राधिकार से संपर्क कर सकते हैं।उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा ने कहा कि यह मेगा शिविर समाज के प्रत्येक वर्ग तक विधिक जागरूकता पहुँचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने सरकार की विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने पर जोर दिया।जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव विश्वनाथ भगत ने बताया कि शिविर के माध्यम से नागरिकों को निःशुल्क विधिक सहायता, परामर्श एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई। साथ ही कई योजनाओं के अंतर्गत लाभुकों को प्रत्यक्ष लाभ भी प्रदान किया गया।शिविर के दौरान प्रशासनिक एवं न्यायिक अधिकारियों की सक्रिय सहभागिता रही। मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी अमर आइन्द, अंचल अधिकारी बासुकी नाथ टुड्डू सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी, न्यायिक पदाधिकारी, अधिवक्ता एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित थे।कुल मिलाकर, विधिक सेवाएं सह मेगा सशक्तीकरण शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और विधिक जागरूकता एवं सशक्तीकरण की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
