
श्रीकांत दास / विशाल विचार
साहिबगंज, उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जल जीवन मिशन, जिला जल एवं स्वच्छता समिति, और स्वच्छ भारत मिशन से संबंधित कार्यों की प्रगति पर विस्तृत चर्चा हुई।बैठक की शुरुआत में उपायुक्त ने पिछली बैठकों में दिए गए निर्देशों के पालन की स्थिति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने सभी प्रखंडों में जलसाथियों के रिक्त पदों को ग्राम सभा के माध्यम से शीघ्र भरने का निर्देश दिया।उपायुक्त ने प्लास्टिक कचरा प्रबंधन, पृथक्करण केंद्रों की कार्यप्रणाली, और ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कार्यों का गुणवत्ता युक्त और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।बैठक में साहिबगंज जिले में संचालित प्रमुख योजनाओं की समीक्षा की गई, जिनमें शामिल हैं साहिबगंज मेगा जलापूर्ति योजना साहिबगंज शहरी जलापूर्ति योजना तालझारी पूर्ण कवरेज ग्रामीण पाइप जलापूर्ति योजना बोरियो पूर्ण कवरेज ग्रामीण पाइप जलापूर्ति योजना मंडरो पूर्ण कवरेज ग्रामीण पाइप जलापूर्ति योजना साहिबगंज–गोड्डा–दुमका मल्टी-वर्सेस सप्लाई कार्यपालक अभियंता ने इन योजनाओं की वर्तमान स्थिति, प्रगति, पूर्ण प्रक्रियाधीन योजनाओं और हैंडओवर लंबित योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अपूर्ण योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए। उन्होंने जल जीवन मिशन के अंतर्गत अब तक कितने घरों को पाइप जलापूर्ति से जोड़ा गया है, इसकी जानकारी लेते हुए लक्ष्य आधारित और गुणवत्ता युक्त कार्य निष्पादन पर विशेष जोर दिया।बैठक में सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान, जिला कृषि पदाधिकारी प्रमोद एक्का, जिला पंचायत राज पदाधिकारी अनिल कुमार, जेएसएलपीएस डीपीएम मार्टिन तारिक, नगर प्रशासक अभिषेक कुमार सिंह, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, तथा जिला समन्वयक जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन के कर्मी उपस्थित थे।उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए सभी योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कर जिले के नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण पेयजल और स्वच्छता सेवाएँ उपलब्ध कराएं।
