विधानसभा सत्र में राजमहल विधायक एम. टी. राजा की जोरदार पहल।

श्रीकांत दास / विशाल विचार
झारखंड विधानसभा के शीतकालीन सत्र में राजमहल विधायक मो ताजुद्दीन उर्फ एम. टी. राजा ने क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था की जर्जर स्थिति और लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने तारांकित प्रश्न के माध्यम से साहिबगंज सदर अस्पताल और राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल में अत्याधुनिक ट्रॉमा सेंटर स्थापित करने की मांग को सदन के समक्ष जोरदार तरीके से रखा।विधायक एम. टी. राजा ने सदन को बताया कि विभाग द्वारा दिए गए उत्तर के अनुसार, राज्य के 49 स्थानों पर ट्रॉमा सेंटर संचालित करने की अनुशंसा है, जिसमें साहिबगंज जिले के राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल और कोटालपोखर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भी शामिल हैं। वर्ष 2021 में इन सभी स्थानों का मैपिंग कार्य पूरा कर लिया गया था।उन्होंने सदन का ध्यान इस महत्वपूर्ण तथ्य की ओर आकृष्ट कराया कि अनुशंसा और मैपिंग के बावजूद धरातल पर कहीं भी ट्रॉमा सेंटर संचालित नहीं है, जिसके कारण दुर्घटना का शिकार हुए लोगों को समय पर चिकित्सा उपलब्ध न होने से कई जानें जा रही हैं। विधायक ने स्पष्ट कहा “यदि ट्रॉमा सेंटर की बेहतर सुविधा उपलब्ध हो जाए, तो हादसों में घायल होने वाले अनेक लोगों का जीवन बचाया जा सकता है। यह समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।”विधायक की बातों का संज्ञान लेते हुए राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफ़ान अंसारी ने सदन में जवाब देते हुए कहा कि सरकार इस मुद्दे को लेकर गंभीर है। उन्होंने आश्वस्त किया कि “पर्याप्त संसाधनों की व्यवस्था कर बहुत जल्द साहिबगंज और राजमहल में ट्रॉमा सेंटर का विधिवत संचालन शुरू कराया जाएगा।”स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी कहा कि वे स्वयं विधायक एम. टी. राजा के साथ जिला भ्रमण कर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं बहाल करने के लिए ठोस और सकारात्मक कदम उठाएँगे।क्षेत्रवासियों में उम्मीद जगाते हुए यह घोषणा स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक बड़े बदलाव की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है। यदि ट्रॉमा सेंटर शीघ्र स्थापित होते हैं, तो साहिबगंज और राजमहल के लोगों को त्वरित और जीवनरक्षक उपचार उपलब्ध हो सकेगा, जिससे अनगिनत दुर्घटना पीड़ितों की जान बचाई जा सकेगी।
