
श्रीकांत दास / विशाल विचार
साहिबगंज जिला मुख्यालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों में संचालित शिक्षा गतिविधियों, योजनाओं तथा शैक्षणिक व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई।बैठक में जिला शिक्षा स्थापना समिति (प्राथमिक एवं माध्यमिक), जिला कार्यकारिणी शिक्षा समिति तथा जिला स्तरीय स्टेयरिंग सह मॉनिटरिंग समिति की मासिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई।उपायुक्त ने जिले में चल रही शैक्षणिक योजनाओं की विस्तृत जानकारी ली और विभागीय कार्यों के निष्पादन पर संतोष व्यक्त करते हुए कई आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों की शिक्षण गुणवत्ता,विद्यालयी व्यवस्था,तथा सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त हो सके।उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि विद्यालयों में उपस्थिति, आधारभूत सुविधाएँ, स्वच्छता, छात्र-छात्राओं की सीखने की उपलब्धियाँ तथा विभिन्न योजनाओं (जैसे छात्रवृत्ति, मध्याह्न भोजन आदि) के संचालन पर निरंतर निगरानी रखें।बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) दुर्गानंद झा, जिला शिक्षा अधीक्षक (DSE) कुमार हर्ष समेत शिक्षा विभाग के सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र से संबंधित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की और आगामी माह के कार्ययोजना पर चर्चा की।उपायुक्त हेमंत सती ने कहा कि शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी अत्यंत संवेदनशील है, इसलिए सभी अधिकारी योजनाओं को धरातल पर बेहतर ढंग से लागू करें ताकि जिले के बच्चे बेहतर भविष्य की ओर अग्रसर हों।
