
श्रीकांत दास / विशाल विचार
राजमहल, साहिबगंज। राजमहल संविधान निर्माता एवं भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की पुण्यतिथि के अवसर पर शनिवार को राजमहल के सिंघी दलान स्थित बाबा साहेब की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजमहल विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन संघर्ष, समानता और न्याय के सिद्धांतों का अद्वितीय उदाहरण है। उनका संविधान निर्माण में योगदान भारत को मजबूत लोकतांत्रिक नींव प्रदान करता है। विधायक ने समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने और सामाजिक सौहार्द कायम रखने का आह्वान किया।इस अवसर पर एसडीओ सदानंद महतो, नगर पंचायत प्रशासक दानिश हुसैन, विधायक प्रतिनिधि सह झामुमो जिला युवा सचिव मो. मारूफ उर्फ गुड्डू, झामुमो नगर अध्यक्ष मो. आजाद, अब्दुल कादिर, अशोक चिरानियां, अजय दास सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने क्रमवार बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।वक्ताओं ने कहा कि डॉ. अंबेडकर के विचार और उनकी दूरदृष्टि आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके द्वारा दिए गए समानता, शिक्षा और सामाजिक न्याय के संदेश को अपनाकर ही समाज में समरसता और भाईचारा बढ़ाया जा सकता है।कार्यक्रम के अंत में सभी ने बाबा साहेब के बताए मार्ग पर चलने तथा सामाजिक समता, सौहार्द और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प लिया।राजमहल में आयोजित यह श्रद्धांजलि समारोह पूर्णतः शांतिपूर्ण, गरिमामय और प्रेरणादायी माहौल में संपन्न हुआ।
