श्रीकांत दास / विशाल विचार

साहिबगंज, जिला कांग्रेस कमिटी साहिबगंज द्वारा बुधवार कांग्रेस कार्यालय में “संविधान बचाओ दिवस” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला अध्यक्ष बरकतुल्लाह खान की अध्यक्षता में कार्यक्रम की शुरुआत गांधी चौक स्थित गांधी और नगर परिषद कार्यालय प्रांगण स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण से हुई।इसके बाद जिला कांग्रेस कार्यालय में संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने संविधान के महत्व, मौलिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों पर अपने विचार साझा किए।जिला उपाध्यक्ष मो. कलीमुद्दीन ने कहा कि संविधान समानता और बंधुत्व का संदेश देता है। प्रदेश प्रतिनिधि मुर्शाद अली ने युवाओं को संविधान के प्रति जागरूक करने और देश की रक्षा में एकजुट रहने पर जोर दिया।

जिला महासचिव सरफ़राज आलम ने कहा कि संविधान हमारी लोकतंत्र की आत्मा है। बरहरवा प्रखण्ड अध्यक्ष रंजीत टुडू ने कहा कि संविधान की शिक्षा स्कूलों से शुरू होनी चाहिए। पूर्व जिला अध्यक्ष अनुकूल मिश्रा ने संविधान के सम्मान की आवश्यकता बताई।जिला अध्यक्ष बरकतुल्लाह खान ने कहा कि संविधान केवल कानून की किताब नहीं, बल्कि हमारे पूर्वजों की आशाओं का प्रतिबिंब है, और इसके सिद्धांतों को जीवन में अपनाना हर नागरिक का कर्तव्य है।संगोष्ठी में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया गया और उपस्थित लोगों ने संविधान के मूल्यों को अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में दर्जनों कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे, जिनमें बासुकीनाथ यादव, नित्यानंद गुप्ता, उमेश पांडे, नूरजहां, दिलीप गुप्ता, शारिक रब्बानी, मो निजामुद्दीन अंसारी, सुनील पासवान सहित कई अन्य शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *