
श्रीकांत दास / विशाल विचार
साहिबगंज विश्व बाल दिवस के अवसर पर बच्चों के अधिकारों, सुरक्षा एवं उज्ज्वल भविष्य के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने हेतु नगरपालिका कन्या उच्च विद्यालय, नया टोला (पुरानी साहिबगंज) में एक महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी, साहिबगंज ने की।कार्यक्रम में बताया गया कि विश्व बाल दिवस हर वर्ष 20 नवंबर को दुनियाभर के बच्चों के अधिकारों, सुरक्षा और कल्याण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मनाया जाता है। यह दिवस वर्ष 1954 में संयुक्त राष्ट्र द्वारा स्थापित किया गया था। साथ ही, 1959 में बाल अधिकारों की घोषणा तथा 1989 में बाल अधिकारों पर संयुक्त राष्ट्र अभिसमय (UNCRC) की स्वीकृति इसी दिन होने के कारण यह और भी महत्वपूर्ण हो जाता है।

जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी ने कार्यक्रम में उपस्थित छात्राओं एवं विद्यालय कर्मियों को बच्चों से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों शिक्षा स्वास्थ्य सुरक्षा बाल अधिकार किशोर न्याय अधिनियम (JJ Act)बाल श्रम बाल तस्करी बाल विवाह प्रायोजन योजना आफ्टर केयर एवं फोस्टर केयर—के बारे में विस्तृत जानकारी दी।उन्होंने कहा कि बच्चों के लिए सुरक्षित, संरक्षित और सम्मानजनक वातावरण सुनिश्चित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।1098 चाइल्ड हेल्पलाइन साहिबगंज के परियोजना समन्वयक ने बताया कि यदि कोई बच्चा जरूरतमंद, असहाय, शोषित, बाल मजदूरी में संलिप्त या भटकता हुआ पाया जाए, तो चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर तुरंत सूचना दें। यह सेवा निःशुल्क है और 24×7 उपलब्ध रहती है।कार्यक्रम में जिला बाल संरक्षण इकाई तथा चाइल्ड हेल्पलाइन साहिबगंज के कर्मी उपस्थित रहे।
