श्रीकांत दास / विशाल विचार

साहिबगंज। शहर के बंगाली टोला स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में भारत की प्रथम महिला प्रधानमंत्री एवं आयरन लेडी स्व. इंदिरा गांधी की 108वीं जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत जिला अध्यक्ष बरकतुल्लाह खान की उपस्थिति में इंदिरा गांधी के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर हुई, जिसके बाद कांग्रेसजनों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।इसके उपरांत जिला कार्यालय परिसर में एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें इंदिरा गांधी के जीवन, व्यक्तित्व तथा उनके योगदान पर विस्तृत चर्चा हुई।जिला उपाध्यक्ष मो. कलीमुद्दीन ने अपने विचार रखते हुए कहा कि “पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी एक निडर और साहसी नेता थीं। उनके कठोर एवं साहसिक निर्णयों की वजह से ही उन्हें आयरन लेडी के नाम से जाना जाता है।

वे चार बार देश की प्रधानमंत्री रहीं और उनका नेतृत्व अद्वितीय था।”पूर्व जिला अध्यक्ष अनुकूल मिश्रा ने कहा कि तेज-तर्रार, त्वरित एवं ठोस निर्णय लेने की क्षमता ने इंदिरा गांधी को विश्व की सशक्त नेताओं की पंक्ति में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि देश उन्हें बैंक राष्ट्रीयकरण, पाकिस्तान पर विजय प्राप्त कर बांग्लादेश के उदय में भूमिका तथा राजा-राजवाड़ा प्रथा समाप्त करने जैसे ऐतिहासिक फैसलों के लिए सदैव स्मरण रखेगा।जिला अध्यक्ष बरकतुल्लाह खान ने कहा कि “इंदिरा गांधी ने देश की एकता और अखंडता के साथ कभी समझौता नहीं किया। संकट के समय उनका दृढ़ संकल्प और नेतृत्व पूरे देश के लिए प्रेरणा है।” उन्होंने कहा कि उनका जीवन संघर्ष, प्रतिबद्धता और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की सीख देता है।कार्यक्रम में अनुकूल मिश्रा, मुर्शाद अली, मो. कलीमुद्दीन, बासुकीनाथ यादव, सरफराज आलम, रामसिंगार ओझा, दिलीप गुप्ता, रंजीत टुडू, शशिधर यादव, मो. रिज़वान, देवेंद्र प्रसाद ठाकुर, मो. मेराजुद्दीन, मो. अल्ताफ, सतीश पासवान, आफताब आलम, मो. सलाउद्दीन, देवराज सिंह, जाहिद खान, मो. शाबिर अली, मनीष प्रताप, पंकज कुमार, मो. शम्सुल हक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *