
श्रीकांत दास / विशाल विचार
साहिबगंज जिला शिक्षा अधीक्षक कुमार हर्ष ने तालझारी एवं राजमहल प्रखंडों के अंतर्गत यूएमएस कस्बा, यूपीएस सैद बाजार, प्रोजेक्ट गर्ल्स हाई स्कूल, यूएमएस फूलबड़िया, मॉडल स्कूल सहित कई विद्यालयों का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने शैक्षणिक गतिविधियां, छात्र उपस्थिति, मध्याह्न भोजन व्यवस्था, आधारभूत संरचना और शिक्षकों की उपलब्धता की विस्तृत समीक्षा की। संबंधित शिक्षकों को नियमित कक्षाएं संचालित करने और समय पर विद्यालय आने के निर्देश दिए गए।छात्र उपस्थिति बढ़ाने हेतु स्थानीय नेता, जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान, अभिभावक और समुदाय की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। इसके अलावा, राज्य मेनू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन प्रदान करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न होने के निर्देश भी दिए गए।

शिक्षकों की कमी वाले विद्यालयों में संयुक्त कक्षाएं, वैकल्पिक शिक्षण विधियां और उपलब्ध मानव संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के उपाय सुझाए गए। नई शिक्षा नीति के तहत अतिरिक्त कक्षाओं और अवसंरचना की संभावित आवश्यकता का स्थलीय विश्लेषण कर प्रतिवेदन तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।इसके अलावा, जिला शिक्षा अधीक्षक ने दो परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया, जहां शिक्षक आवश्यकता मूल्यांकन (TNA) परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही थी। परीक्षा की सुरक्षा, व्यवस्थापन और अनुशासन की भी समीक्षा की गई।जिला शिक्षा अधीक्षक ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, और इसके लिए सभी स्तरों पर निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।
