
श्रीकांत दास / विशाल विचार
राजमहल साहिबगंज राजमहल प्रखंड के गुनिहारी पंचायत अंतर्गत बेगमपुरा स्थित झमझमिया काली मंदिर में सोमवार को नवनिर्मित मंदिर भवन का भव्य प्रवेश, पूजा-अर्चना एवं मां काली की प्राण-प्रतिष्ठा बड़े ही हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई। कार्यक्रम में क्षेत्र के समाजसेवियों और श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति से पूरा परिसर धार्मिक उत्साह और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो उठा।मुख्य अनुष्ठान का संचालन प्रतिष्ठित पुरोहितों सोपन अवस्थी, उत्तम पांडेय, जनार्दन उपाध्याय, सुभाष पांडेय तथा संजीव पांडेय द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। प्राण-प्रतिष्ठा के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच क्षेत्रवासियों की शांति, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की गई

नवनिर्मित भवन का आकर्षक स्वरूप, अलौकिक श्रृंगार और वैदिक विधि-विधान के साथ सम्पन्न यह अनुष्ठान श्रद्धालुओं के लिए एक अविस्मरणीय आध्यात्मिक अनुभव बन गया। भोर से ही मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें उमड़ पड़ीं प्राण-प्रतिष्ठा उपरांत सभी भक्तों के बीच प्रसाद वितरण किया गया।झमझमिया काली मंदिर वर्षों से क्षेत्रीय आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है, जहाँ प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुँचते हैं।कार्यक्रम को सफल बनाने में मंदिर समिति एवं स्थानीय लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समिति के अध्यक्ष सुखवा उरांव, सचिव विष्णु चौधरी, तथा पप्पू अग्रवाल, संजय प्रमाणिक, बुल्लो पहाड़िया, मनोज पहाड़िया, गणेश साहा, रतन हजारी, शंकर घोष एवं दीपेश झा सहित कई गणमान्य लोगों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
