सुमन कुमार दत्ता /विशाल विचार
पाकुड़- झारखंड स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन, पाकुड़ द्वारा समाहरणालय परिसर में भव्य पेंटिंग प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस आकर्षक प्रदर्शनी में विभिन्न विद्यालयों एवं कला केंद्रों के बाल कलाकारों ने अपनी रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन करते हुए दिशोम गुरु, माटिलो टावर और झारखंड की सांस्कृतिक विरासत पर आधारित प्रभावशाली पेंटिंग प्रस्तुत कीं।

प्रदर्शनी का अवलोकन करने पहुंचे सांसद विजय कुमार हांसदा, विधायकगण और उपायुक्त मनीष कुमार ने सभी कृतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चे अपनी चित्रकला के माध्यम से झारखंड की सांस्कृतिक पहचान, परंपराओं और ऐतिहासिक धरोहर को जीवंत कर रहे हैं, जो राज्य के उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक है।इस अवसर पर अंशु कला केंद्र के बच्चों ने भी अपनी चुनी हुई पेंटिंग प्रस्तुत कर दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। सांसद, विधायक और उपायुक्त ने बच्चों के उत्साह और प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।जिला प्रशासन द्वारा आयोजित यह प्रदर्शनी न केवल बच्चों की कला प्रतिभा को मंच प्रदान करती है, बल्कि उन्हें झारखंड की गौरवशाली संस्कृति से भी परिचित कराती है। समाहरणालय परिसर में लगी यह रंगारंग प्रदर्शनी स्थापना दिवस समारोह का विशेष आकर्षण बनी रही।

