श्रीकांत दास / विशाल विचार

उधवा साहिबगंज श्रीधर गंगा घाट एवं विवेकानंद उच्च विद्यालय, उधवा में गंगा स्वच्छता एवं डॉल्फ़िन संरक्षण को लेकर स्वच्छता सह जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व प्रखंड विकास पदाधिकारी, उधवा जयंत कुमार तिवारी द्वारा किया गया। अभियान में सहायक अभियंता, पीएचईडी, बीपीआरओ, स्थानीय मुखिया, जल सहिया, गंगा प्रहरी एवं विद्यालय प्राचार्य सहित अनेक स्वयंसेवियों का सक्रिय सहयोग मिला।अभियान के तहत विद्यार्थियों एवं स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से श्रीधर गंगा घाट तथा विद्यालय परिसर की सफाई कर स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी ने प्रतिभागियों को गंगा नदी के महत्व, नदी संरक्षण की आवश्यकता, तथा गंगा डॉल्फ़िन सहित विभिन्न जलीय जीवों के संरक्षण पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ नदी और सुरक्षित जलीय जीव न केवल पर्यावरण संतुलन के लिए, बल्कि भविष्य की पीढ़ियों के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं।कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने गंगा को स्वच्छ रखने, डॉल्फ़िन एवं अन्य जलीय जीवों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, तथा सतत सफाई अभियान को जन-आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *