
श्रीकांत दास / विशाल विचार
साहिबगंज, सिविल सर्जन, साहिबगंज डॉ. रामदेव पासवान द्वारा गुरुवार कुलीपाड़ा उपकेंद्र अंतर्गत आयोजित ग्राम स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस (VHND) सत्र का निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर ए.एन.एम., आशा कार्यकर्ता एवं आंगनवाड़ी सेविका उपस्थित रहीं।निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन ने टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं तथा पोषण संबंधी गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि ग्राम स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुँचाने का एक प्रभावी माध्यम है, अतः सभी सत्रों का संचालन योजनाबद्ध, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाना आवश्यक है।सत्र के दौरान रूटीन इम्यूनाइजेशन (Routine Immunization) के अंतर्गत टीकाकरण कार्य सुचारू रूप से संचालित पाया गया। ए.एन.एम. द्वारा आवश्यक सावधानियों का पालन करते हुए टीकाकरण किया जा रहा था। वहीं आशा एवं आंगनवाड़ी सेविका द्वारा लाभार्थियों को समय पर सत्र स्थल पर लाने और आवश्यक परामर्श देने का कार्य किया गया।इस अवसर पर माताओं को स्तनपान, पूरक आहार, परिवार नियोजन, स्वच्छता एवं पोषण संबंधी जानकारी प्रदान की गई।सिविल सर्जन ने उपस्थित स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिया कि U-WIN पोर्टल पर सभी टीकाकृत लाभार्थियों की प्रविष्टि समय पर सुनिश्चित करें। साथ ही, छूटे या बाहर रह गए बच्चों की पहचान कर उन्हें टीकाकरण से जोड़ें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सत्र में लाभार्थियों के बैठने, परामर्श एवं सुविधा की व्यवस्था सुदृढ़ की जाए।सिविल सर्जन ने यह भी निर्देश दिया कि प्रखंड स्तर पर बी.पी.एम. (Block Program Manager) एवं बी.डी.एम. (Block Data Manager) नियमित रूप से सभी सत्रों की समीक्षा करें।बाद में डॉ. पासवान ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी मेडिकल ऑफिसर इन-चार्ज, ब्लॉक डेटा मैनेजर, ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर एवं रूटीन इम्यूनाइजेशन कार्यरत ए.एन.एम. से संवाद किया। उन्होंने U-WIN पोर्टल पर सभी सत्रों का अद्यतन करने एवं टीकाकृत लाभार्थियों का डेटा समय पर प्रविष्ट करने के निर्देश दिए ताकि जिले में लाभार्थियों की वास्तविक स्थिति का त्वरित आंकलन किया जा सके।सिविल सर्जन ने कहा कि जिले में पूर्ण टीकाकरण कवरेज प्राप्त करना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी स्वास्थ्यकर्मियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से जिले में बेहतर स्वास्थ्य परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।
