झारखंड राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने पर रजत जयंती समारोह श्रृंखला के अंतर्गत कार्यक्रम आयोजित।

श्रीकांत दास / विशाल विचार
राजमहल, साहिबगंज झारखंड राज्य की रजत जयंती समारोह श्रृंखला के अंतर्गत गुरुवार राजमहल में एक व्यापक स्वच्छता अभियान का सफल आयोजन किया गया। यह अभियान सूर्य देव मंदिर से सिंधी दलान तक संचालित हुआ, जिसका नेतृत्व अनुमंडल पदाधिकारी (राजमहल) सदानंद महतो, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विमलेश कुमार त्रिपाठी, प्रखंड विकास पदाधिकारी मोहम्मद यूसुफ तथा नगर पंचायत राजमहल के कार्यपालक पदाधिकारी दानिश हुसैन ने संयुक्त रूप से किया।अभियान में भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के सदस्य, जल सहिया, सखी मंडल की दीदियाँ, नगर पंचायत के कर्मचारी तथा स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। सभी प्रतिभागियों ने हाथों में झाड़ू लेकर पूरे मार्ग की सफाई की और लोगों को स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक किया।कार्यक्रम के दौरान कार्यपालक पदाधिकारी दानिश हुसैन ने स्काउट्स से अपने विद्यालयों में स्वच्छता का संदेश फैलाने का आग्रह किया। उन्होंने जल सहियाओं से अपने समुदायों में स्वच्छता एवं स्वच्छ जल के महत्व का प्रचार-प्रसार करने तथा सखी मंडल की दीदियों से अपने स्व-सहायता समूहों के माध्यम से “स्वच्छ गाँव – स्वस्थ समाज” का संदेश पहुँचाने का आह्वान किया।इस स्वच्छता अभियान का मुख्य उद्देश्य जन-सहभागिता के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखना, स्वच्छ एवं सुंदर राजमहल का निर्माण करना, तथा “स्वच्छ झारखंड – सुंदर झारखंड” के संकल्प को साकार करना था।कार्यक्रम के समापन पर अधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों को धन्यवाद दिया और सभी से स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प दिलवाया।
