
श्रीकांत दास / विशाल विचार
साहिबगंज, झारखंड राज्य स्थापना दिवस (रजत वर्ष) के शुभ अवसर पर बुधवार को भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के तत्वावधान में सदर अस्पताल, साहिबगंज में मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त हेमंत सती, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह, सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान तथा डॉ. विजय कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।उपायुक्त हेमंत सती ने अपने संबोधन में कहा कि “वर्ष 2025 झारखंड के इतिहास में विशेष महत्व रखता है, क्योंकि हम भगवान बिरसा मुंडा जी की 150वीं जयंती और राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने का गौरव एक साथ मना रहे हैं।”उन्होंने बताया कि “झारखंड @25 गौरव यात्रा” के अंतर्गत राज्य भर में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं और यह रक्तदान शिविर उसी श्रृंखला की एक महत्वपूर्ण कड़ी है।उन्होंने कहा कि “रक्तदान सबसे बड़ा मानव धर्म है — यह न केवल किसी की जान बचाता है बल्कि शरीर को भी स्वस्थ रखता है। इसलिए सभी लोग रक्तदान करें और दूसरों को भी प्रेरित करें।”उन्होंने आगे बताया कि राज्य सरकार रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है। हाल ही में जिले में 327 चौकीदारों की नियुक्ति की गई है तथा 400 होमगार्ड की भर्ती प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ होने वाली है। उपायुक्त ने सभी से राज्य की गौरव यात्रा में सहभागी बनकर एक मजबूत, स्वस्थ और आत्मनिर्भर झारखंड के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि झारखंड ने 25 वर्षों में विकास के अनेक आयाम स्थापित किए हैं, विशेष रूप से स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उन्होंने कहा कि “रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है — एक यूनिट रक्त किसी की जान बचा सकता है।”उन्होंने चौकीदारों, पुलिसकर्मियों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की तथा अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान करने की अपील की।कार्यक्रम में नवनियुक्त चौकीदार, सूर्या नर्सिंग होम के प्रशिक्षु, स्वास्थ्यकर्मी तथा आमजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
