
श्रीकांत दास / विशाल विचार
राजमहल (साहिबगंज) झारखंड राज्य की रजत जयंती एवं 25वें स्थापना दिवस के अवसर पर आज राजमहल प्रखंड सहित सभी 23 पंचायतों में ग्रामीण विकास विभाग (मनरेगा) के अंतर्गत विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।मुख्य समारोह प्रखंड सभागार, राजमहल में आयोजित हुआ, जिसका शुभारंभ विधायक प्रतिनिधि मो. मारूफ, प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी मो. यूसुफ तथा प्रखंड प्रमुख लक्ष्मी उरांव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया।कार्यक्रम का विषय प्रवेश प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी श्वेता ने किया। उन्होंने बताया कि प्रखंड के सभी पंचायतों में मनरेगा योजनाओं के अंतर्गत मानव दिवस सृजन में शत-प्रतिशत से अधिक लक्ष्य प्राप्त किया गया है। इस वित्तीय वर्ष में बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत 87 एकड़ भूमि पर कार्य किया गया है, जबकि आगामी वर्ष में 300 एकड़ का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।प्रखंड विकास पदाधिकारी मो. यूसुफ ने कहा कि मनरेगा के माध्यम से ग्रामीण विकास योजनाओं को धरातल पर उतारना और अधिक से अधिक लोगों को लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।विधायक प्रतिनिधि मो. मारूफ ने अपने संबोधन में कहा कि झारखंड राज्य अपनी रजत जयंती मना रहा है, ऐसे अवसरों पर आयोजित कार्यक्रमों का उद्देश्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं को समाज के जरूरतमंद वर्गों तक पहुंचाना है। उन्होंने सभी कर्मियों से सौहार्दपूर्ण व्यवहार करते हुए जनता की समस्याओं के समाधान और योजनाओं का लाभ पहुंचाने का आग्रह किया।कार्यक्रम के दौरान मनरेगा कर्मियों को उनके विशिष्ट योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।मंच संचालन बीपीओ गगन बापू ने किया।इस अवसर पर पंचायती राज पदाधिकारी सूर्यनारायण चौधरी, सहायक अभियंता विकास कुमार, कनीय अभियंता मो. एहसानुल जमील, दीपनारायण मंडल, भैया बेसरा, फुलमनी भेंगरा, बिना मरांडी, संध्या मंडल, धर्मेंद्र कुमार सहित कई पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।इसी क्रम में पंचायत स्तर पर प्रभात फेरी, विशेष ग्राम सभा एवं रोजगार दिवस का भी आयोजन किया गया, जिसमें नए योजनाओं का चयन, जॉब कार्ड वितरण, पंजीकरण, नवीकरण, कार्य आवंटन तथा लेबर डिमांड से संबंधित कार्यों का निष्पादन किया गया।
