
श्रीकांत दास / विशाल विचार
साहिबगंज।उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी हेमंत सती की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित हुए और अपनी-अपनी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं।उपायुक्त हेमंत सती ने प्रत्येक शिकायतकर्ता से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने मौके पर ही संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त सभी आवेदनों की भौतिक जांच कर शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें।उन्होंने कहा कि “किसी भी शिकायत को अनदेखा नहीं किया जाएगा। प्रत्येक नागरिक को समयबद्ध एवं पारदर्शी समाधान उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।”उपायुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि शिकायतों के निष्पादन उपरांत उसकी रिपोर्ट अनिवार्य रूप से उपायुक्त कार्यालय को समर्पित करें। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण और त्वरित होना चाहिए ताकि आमजन को वास्तविक राहत मिल सके।ज्ञात हो कि साहिबगंज जिले में प्रत्येक सप्ताह मंगलवार एवं शुक्रवार को समाहरणालय में जनता दरबार का आयोजन किया जाता है, जिसमें जिलेवासी अपनी समस्याएं सीधे उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत कर सकते हैं। इस पहल से प्रशासन और आम जनता के बीच संवाद मजबूत हुआ है तथा शासन की योजनाएं अधिक प्रभावी रूप से ज़मीनी स्तर तक पहुंच रही हैं।
