सुमन कुमार दत्ता /विशाल विचार

पाकुड़:-सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (एसडीपीआई) झारखंड प्रदेश कार्यकारिणी समिति की बैठक आज पाकुड़ स्थित एसडीपीआई क्षेत्रीय कार्यालय में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष मो० हंजेला शेख ने की।बैठक की शुरुआत विमेन इंडिया मूवमेंट (WIM) की प्रदेश अध्यक्ष वाजिदा खातून साहिबा के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने सभी अतिथियों एवं पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए संगठन की भूमिका, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता के महत्व पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड प्रभारी अब्दुल सलाम एन.यू. उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने संगठन के विस्तार, अनुशासन और जनसंपर्क को मज़बूत करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि “एसडीपीआई एक ऐसा आंदोलन है जो न्याय, समानता और भाईचारे के सिद्धांतों पर खड़ा है। संगठन को जमीनी स्तर तक मज़बूत करने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को मिशन भावना से काम करना होगा।”इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष मो० हंजेला शेख ने अपने भाषण में कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार किया। उन्होंने कहा कि “संगठन तभी मज़बूत होगा जब हर कार्यकर्ता अपने अंदर सेवा और संघर्ष की भावना रखे। हमें लोगों की उम्मीद और आवाज़ बनना है। दृढ़ इरादे और सच्चे उद्देश्य के साथ हम झारखंड में बदलाव का नया अध्याय लिख सकते हैं।”

उन्होंने युवाओं और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि एसडीपीआई झारखंड में सामाजिक न्याय, शिक्षा और समान अवसरों के लिए लगातार संघर्षरत रहेगा।
बैठक में कई प्रमुख विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई, जिनमें शामिल थे —

  • SIR (Special Intensive Revision) पर विचार-विमर्श
  • संगठन विस्तार की रूपरेखा
  • झारखंड में आलिम-फाज़िल डिग्री को मान्यता दिलाने पर विमर्श

बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष हबीबुर रहमान, प्रदेश महासचिव शमीम अख्तर, विमेन इंडिया मूवमेंट की महासचिव महमूदा खातून, हाजेरा खातून, एसडीपीआई प्रदेश सचिव अमीर हमजा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य उमर फारूक, अधिवक्ता अब्दुल हन्नान सहित विभिन्न जिलों के जिला अध्यक्ष उपस्थित रहे।

बैठक का समापन भाषण प्रदेश महासचिव शमीम अख्तर ने दिया। उन्होंने संगठन की एकता, जनसरोकार और आगामी कार्यक्रमों पर बल देते हुए सभी पदाधिकारियों से ज़मीनी स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *