
श्रीकांत दास / विशाल विचार
साहिबगंज, उपायुक्त हेमंत सती के निर्देशानुसार शनिवार जिला स्तरीय तकनीकी समिति द्वारा समेकित बिरसा ग्राम विकास योजना के अंतर्गत लालमाटी (प्रखंड राजमहल) स्थित प्रक्षेत्र का निरीक्षण भ्रमण किया गया।भ्रमण के क्रम में समिति के सदस्यों ने प्रक्षेत्र की प्रत्येक गतिविधि का स्थल पर जाकर अवलोकन किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश एवं तकनीकी सुझाव प्रदान किए।समिति द्वारा कृषक पाठशाला अंतर्गत निर्मित एवं निर्माणाधीन गार्ड रूम, प्रशिक्षण भवन, कोल्ड स्टोरेज, पैक हाउस, शेड आदि सिविल संरचनाओं का विस्तृत निरीक्षण किया गया।

पशुधन एवं मत्स्य विकास पर विशेष बल पशुधन विकास के अंतर्गत निर्मित शुकर पालन शेड, गोपालन शेड, मुर्गी पालन शेड, बकरी पालन शेड तथा मत्स्य पालन हेतु तैयार तालाबों का भी निरीक्षण किया गया।इस दौरान जिला पशुपालन पदाधिकारी ने कार्यकारी एजेंसी को पशुधन संसाधनों के बेहतर प्रबंधन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।वहीं, जिला मत्स्य पदाधिकारी ने क्षेत्र में स्थित तीन तालाबों के सदुपयोग पर बल देते हुए निर्देश दिया कि उनमें कॉमन कार्प, रोहू, कतला एवं मृगाल जैसी विभिन्न प्रजातियों की मछलियों का पालन सुनिश्चित किया जाए।

बागवानी एवं कृषि विकास का मूल्यांकन जिला उद्यान पदाधिकारी द्वारा क्षेत्र में किए गए आम, अमरूद, नींबू एवं केला की बागवानी का निरीक्षण कर तकनीकी सुझाव दिए गए।जिला कृषि पदाधिकारी के नेतृत्व में समिति की टीम ने पूरे प्रक्षेत्र का भ्रमण करते हुए निर्देश दिया कि आगामी 15 दिनों के भीतर समिति द्वारा दिए गए सभी सुझावों पर अमल सुनिश्चित किया जाए, ताकि जिले के कृषक अधिकतम लाभ प्राप्त कर सकें।कार्यकारी एजेंसी को यह भी निर्देश दिया गया कि 17 एकड़ भूमि में उच्च मूल्य वाली फसलों एवं फलदार पौधों की खेती प्रारंभ की जाए तथा निर्मित पशुधन संरचनाओं में पशुपालन कार्य शीघ्र आरंभ किया जाए।15 दिनों में सुधारात्मक कार्य पूर्ण करने का निर्देश समिति ने स्पष्ट किया कि सभी सुधारात्मक कार्य 15 दिनों के भीतर पूर्ण कर लिए जाएं, क्योंकि शीघ्र ही जिला स्तरीय उच्च अधिकारियों की टीम पुनः प्रक्षेत्र का भ्रमण करेगी।भ्रमण के दौरान जिला कृषि पदाधिकारी, जिला उद्यान पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, प्रक्षेत्र कर्मी एवं कार्यकारी एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
