सुमन कुमार दत्ता /विशाल विचार
पाकुड़:-प्रोजेक्ट गर्व के तत्वावधान में एटीएम, बीटीएम एवं कृषक मित्रों की जिला स्तरीय रबी कार्यशाला का आयोजन शनिवार को रविन्द्र भवन टाउन हॉल, पाकुड़ में किया गया।
कार्यशाला का शुभारंभ उपायुक्त मनीष कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला उद्यान पदाधिकारी एवं जिला पशुपालन पदाधिकारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

कृषि में भी शीर्ष पर लाने का लक्ष्य
इस अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा,
“इस बार शिक्षा की तरह कृषि क्षेत्र में भी पाकुड़ को शीर्ष स्थान प्राप्त करना है।”
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन ने कृषि कार्यों को ‘ऑटो-पायलट मोड’ पर रखते हुए एक ठोस एवं परिणामोन्मुख कार्ययोजना तैयार की है, ताकि जिले में रबी फसल सत्र की तैयारियां समय पर और प्रभावी ढंग से पूरी हो सकें।

फसल बीमा योजना में पारदर्शिता पर जोर
उपायुक्त ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से संबंधित सभी कर्मियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि
“किसी भी प्रकार की गलत रिपोर्टिंग या आंकड़ों की हेराफेरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
उन्होंने सभी कृषक मित्रों को अपने क्षेत्र की वास्तविक स्थिति की फोटो और जियो-टैग्ड रिपोर्ट प्रतिदिन उपलब्ध कराने का आदेश दिया।
सॉइल हेल्थ कार्ड और क्लस्टर खेती पर निर्देश
डीसी ने कृषि मित्रों को निर्देश दिया कि वे सॉइल हेल्थ कार्ड निर्माण, फसल क्षति आकलन, बीज एवं उर्वरक वितरण, और क्लस्टर आधारित खेती जैसे कार्यों पर त्वरित कार्रवाई करें।
प्रत्येक कृषि मित्र को इस माह कम से कम 20 मिट्टी नमूना संग्रह करने का लक्ष्य दिया गया है।
एमपीसी गठन और किसानों की सदस्यता पर बल
उपायुक्त ने मल्टीपरपज कोऑपरेटिव सेंटर (MPC) के गठन को प्राथमिकता देने और अधिक से अधिक किसानों को इसमें सदस्यता ग्रहण करने के लिए प्रेरित करने का निर्देश भी दिया।
उन्होंने कहा कि जिले में मधुमक्खी पालन, सब्जी उत्पादन, टपक सिंचाई (Drip Irrigation) और ऑर्गेनिक फार्मिंग के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। हर कृषक मित्र को अपने क्षेत्र में नवाचार और तकनीकी खेती को बढ़ावा देना चाहिए।
नवंबर में विशेष अभियान
उपायुक्त ने बताया कि नवंबर माह में जिला प्रशासन द्वारा सॉइल हेल्थ कार्ड परीक्षण अभियान, फसल क्षति मूल्यांकन, नए किसानों के KCC एनरोलमेंट एवं एमपीसी गठन ड्राइव चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य है कि शिक्षा के साथ-साथ कृषि में भी पाकुड़ जिला पूरे राज्य में उदाहरण बने।
PakurNews #AgricultureWorkshop #ProjectGarv #RabiSeason2025 #ManishKumarDC #JharkhandAgriculture
