सुमन कुमार दत्ता /विशाल विचार

पाकुड़:-पाकुड़ जिले में हुई एक सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 31 अक्टूबर 2025 को पाकुड़ (मु०) थाना क्षेत्र के ग्राम किस्मत लखनपुर की है, जहां अज्ञात अपराधकर्मियों ने मकबुल शेख की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, पाकुड़ ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पाकुड़ के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) और छापामारी टीम का गठन किया। टीम ने गुप्त सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दो अपराधकर्मियों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार अपराधियों के नाम —

  1. ललन शेख उर्फ सादिरूल शेख, पिता – दनारूल शेख
  2. दनारूल शेख, पिता – स्वर्गीय खवाब अली
    (दोनों निवासी – ग्राम लखनपुर, थाना – पाकुड़ (मु०), जिला – पाकुड़)

बरामदगी —

पुलिस ने इनके पास से 7 मिमी की सिल्वर रंग की पिस्तौल और 5 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

इस संबंध में पाकुड़ (मु०) थाना कांड संख्या-242/2025, दिनांक 01.11.2025, धारा 103(1)/61(2)/3(5) बीएनएस एवं 27 Arms Act के तहत मामला दर्ज किया गया है।

अपराधियों का आपराधिक इतिहास

पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों अभियुक्तों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। इन पर पहले से ही कई मामले दर्ज हैं —

  • पाकुड़ (मु०) थाना कांड सं. 138/2023, दिनांक 28.06.2023 — धारा 341, 323, 147, 148, 354(B), 379, 504, 506 भा.दं.वि.
  • पाकुड़ (मु०) थाना कांड सं. 04/2023, दिनांक 05.01.2023 — धारा 323, 341, 354, 379, 504, 506, 307, 34 भा.दं.वि.

पुलिस की कार्रवाई और आगे की जांच

पुलिस अधीक्षक पाकुड़ ने बताया कि गिरफ्तार दोनों अपराधियों से गहन पूछताछ जारी है तथा घटना में शामिल अन्य संभावित सहयोगियों की तलाश में छापामारी अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जिले में ऐसे अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान जारी रहेगा ताकि आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *