
श्रीकांत दास / विशाल विचार
साहिबगंज, जिला कांग्रेस कमिटी, साहिबगंज के तत्वाधान में शुक्रवार जिला कांग्रेस कार्यालय में भारत की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की शहादत दिवस एवं देश के प्रथम उपप्रधानमंत्री ‘लौह पुरुष’ सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती श्रद्धा एवं सम्मानपूर्वक मनाई गई।कार्यक्रम के दौरान कांग्रेसजनों ने दोनों महान नेताओं के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किया। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष बरकतुल्लाह खान ने कहा कि इंदिरा गांधी ने समाज के वंचित और गरीब तबके के कल्याण को हमेशा अपनी नीतियों के केंद्र में रखा। उनके पास कठिन से कठिन परिस्थिति में भी साहसिक निर्णय लेने की अद्भुत क्षमता थी।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में इंदिरा गांधी ने देश को आर्थिक मंदी से उबारा और पाकिस्तान के दो टुकड़े कर भारत की शक्ति का लोहा विश्वभर में मनवाया। अपनी शहादत से दो दिन पूर्व उन्होंने कहा था — “अगर देश की सेवा करते हुए मेरी जान भी चली जाए तो मुझे गर्व होगा।”बरकतुल्लाह खान ने आगे कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का योगदान भारत के स्वतंत्रता संग्राम से लेकर देश के एकीकरण तक अमूल्य रहा है। वे भारत की एकता और अखंडता के प्रतीक हैं।कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेसजनों ने दोनों महान विभूतियों के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।इस अवसर पर अनुकूल मिश्रा, बासुकीनाथ यादव, सरफ़राज़ आलम, रामसिंगार ओझा, मो. सलाउद्दीन, दिलीप गुप्ता, मो. रिज़वान, अली कुरैशी, सतीश पासवान, देवेंद्र ठाकुर, मो. अल्ताफ हुसैन, देवराज सिंह, सिफरान अली, मातल टुडू सहित दर्जनों कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

