साहिबगंज में यातायात सुधार, बाजार व्यवस्थापन एवं महिला सशक्तिकरण की दिशा में ठोस पहल।

श्रीकांत दास / विशाल विचार

साहिबगंज, उपायुक्त हेमंत सती ने शुक्रवार जिले के विभिन्न निर्माणाधीन एवं क्रियाशील भवनों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बाल गृह, डिजिटल लाइब्रेरी, सखी वन स्टॉप सेंटर, जिरवाबाड़ी मार्केट परिसर एवं क्राफ्ट मार्ट का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त हेमंत सती ने नव-निर्मित बाल गृह का जायजा लिया और बाउंड्री वॉल निर्माण सहित अन्य अधूरे कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने डिजिटल लाइब्रेरी भवन का भी निरीक्षण करते हुए सुरक्षित विद्युत वायरिंग और फायर सेफ्टी मानकों के अनुपालन को अनिवार्य बताया, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे।इसके पश्चात उपायुक्त हेमंत सती ने सखी वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने बाउंड्री वॉल, पेवर ब्लॉक, पेंटिंग और होर्डिंग्स की स्थिति की समीक्षा करते हुए सुधारात्मक दिशा-निर्देश दिए।आगे उपायुक्त हेमंत सती ने जिरवाबाड़ी स्थित निर्माणाधीन मार्केट परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मार्केट का 80 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है और इसे 26 जनवरी 2026 तक उद्घाटन करने का लक्ष्य है। इस मार्केट परिसर में फल, सब्जी, मछली और चिकन की कुल 112 दुकानों का निर्माण किया जा रहा है। उपायुक्त हेमंत सती ने कहा कि इस मार्केट के शुरू होने से सड़क किनारे लगने वाली अस्थायी दुकानों को स्थानांतरित किया जा सकेगा, जिससे सड़क अतिक्रमण समाप्त होगा और ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार आएगा।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त हेमंत सती ने नगर परिषद साहिबगंज को निर्देश दिया कि पटेल चौक के निकट एक नए मार्केट परिसर की योजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन से पटेल चौक और गांधी चौक तक का मार्ग संकुचित एवं भीड़भाड़ वाला है, अतः इस क्षेत्र में वैकल्पिक बाजार स्थल की आवश्यकता है। उन्होंने शीघ्र ही उपयुक्त भूमि चिह्नित करने का निर्देश दिया ताकि भविष्य में शहर की यातायात व्यवस्था और अधिक सुगम हो सके।उपायुक्त हेमंत सती ने कहा कि, “जिला प्रशासन के निरंतर प्रयासों से शीघ्र ही साहिबगंज शहर के स्वरूप में सकारात्मक बदलाव दिखाई देंगे। सुव्यवस्थित बाजार, बेहतर सड़क व्यवस्था और सुरक्षित सार्वजनिक स्थल नागरिकों को सहज एवं सुरक्षित वातावरण प्रदान करेंगे।”अंत में उपायुक्त हेमंत सती ने जिरवाबाड़ी क्राफ्ट मार्ट का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि यह केंद्र महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा संचालित किया जाएगा, जो महिला सशक्तिकरण एवं स्थानीय उत्पादों के प्रचार-प्रसार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होगी। उन्होंने अधिकारियों को नवंबर माह में क्राफ्ट मार्ट का उद्घाटन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त हेमंत सती ने सभी विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य समयबद्ध,गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षा मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं, ताकि जनता को शीघ्र लाभ मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *