सुमन कुमार दत्ता/विशाल विचार

पाकुड़: जिले में आयुष विभाग की ओर से योग और आयुष चिकित्सा पद्धतियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष कार्य योजना के तहत आमजन को नियमित रूप से योग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह पहल ‘आयुर्विद्या कार्यक्रम’ के अंतर्गत संचालित की जा रही है, जिसका मुख्य उद्देश्य लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और पारंपरिक आयुष पद्धतियों को जन-जन तक पहुंचाना है।गुरुवार को इस कार्यक्रम के तहत पाकुड़, पाकुड़िया, हिरणपुर, महेशपुर और लिट्टीपाड़ा सहित जिले के कुल 28 स्थानों पर एक साथ योग प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए। इन सत्रों में आयुष विभाग से प्रशिक्षित योग शिक्षकों ने उपस्थित नागरिकों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की तकनीकें सिखाईं।योग प्रशिक्षकों ने लोगों को नियमित योगाभ्यास के लाभ बताते हुए कहा कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बल्कि मानसिक संतुलन और आत्मिक शांति के लिए भी आवश्यक है। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न आसनों का अभ्यास किया और इसे अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया।आयुष विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य जिले में स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना और वैकल्पिक चिकित्सा पद्धतियों के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *