सुमन कुमार दत्ता/विशाल विचार

पाकुड़:– जिले में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) कार्य की शुरुआत हो चुकी है। इस कार्य को निर्वाचन प्रक्रिया का एक अत्यंत संवेदनशील और महत्वपूर्ण चरण माना जा रहा है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन सह उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को एक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी ईआरओ, एईआरओ, कंप्यूटर ऑपरेटर एवं बीएलओ सुपरवाइजर शामिल हुए।बैठक के दौरान तीनों विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची मैपिंग कार्य की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा में पाया गया कि जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में मैपिंग कार्य की स्थिति संतोषजनक नहीं है। इस पर उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मैपिंग कार्य को युद्ध स्तर पर पूरा किया जाए और कल तक ईआरओ के माध्यम से एक्सेल फॉर्मेट में रिपोर्ट विभाग को उपलब्ध कराई जाए। मनीष कुमार ने स्पष्ट कहा कि मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य निर्वाचन की पारदर्शिता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे गंभीरता, सटीकता और समयबद्धता के साथ कार्य करें, ताकि जिले की मतदाता सूची पूर्ण रूप से अद्यतन, त्रुटिरहित और विश्वसनीय रूप में तैयार की जा सके।उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी अपनी जिम्मेदारी को पूरी तत्परता से निभाएं, ताकि आगामी निर्वाचन प्रक्रिया में किसी प्रकार की त्रुटि या शिकायत की गुंजाइश न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *