सुमन कुमार दत्ता/विशाल विचार
पाकुड़: माइंस कर्मी कासिम अंसारी को गोली मारने की घटना के तीसरे दिन भी नगर थाना पुलिस लगातार जांच में जुटी हुई है। घटना स्थल सोलागड़िया से लेकर हिरणपुर तक के सभी सीसीटीवी फुटेज को पुलिस बारीकी से खंगाल रही है। जांच के दौरान पुलिस को एक फुटेज में एक व्यक्ति कासिम अंसारी पर गोली चलाते हुए दिखाई दिया है, जिसकी पहचान के लिए पुलिस प्रयासरत है।नगर थाना प्रभारी बबलू कुमार ने बताया कि पुलिस इस घटना की गंभीरता से जांच कर रही है और हर कोण से मामले की तह तक जाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि हिरणपुर से पाकुड़ तक के सीसीटीवी फुटेज को एक-एक कर खंगाला जा रहा है, ताकि आरोपी की सटीक पहचान की जा सके।पुलिस ने मामले में नामजद आरोपी मोरफुल शेख को पूछताछ के लिए थाना बुलाया, हालांकि समाचार लिखे जाने तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी। वहीं, दो अन्य नामजद आरोपी जियाउल हक और बेलाल शेख घटना के बाद से फरार बताए जा रहे हैं।घटना की कड़ियों को जोड़ने के लिए पुलिस ने पत्थर व्यवसायी लुत्फुल हक को भी थाना बुलाकर पूछताछ की है। पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि घटना के पीछे की सच्चाई सामने आ सके।
