
श्रीकांत दास / विशाल विचार
बरहरवा (साहिबगंज),बरहरवा रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की तत्परता और सजगता से एक नाबालिग लड़का सुरक्षित रूप से बरामद किया गया।दिनांक 31 अक्टूबर की मध्यरात्रि 00:30 बजे, आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार हमराह कांस्टेबल अजय कुमार एवं कांस्टेबल ए.डी. चौधरी के साथ स्टेशन परिसर में असामाजिक तत्वों के विरुद्ध विशेष जांच अभियान चला रहे थे। जांच के दौरान जब टीम ने वेटिंग रूम की तलाशी ली, तो वहां एक नाबालिग लड़का संदिग्ध अवस्था में सीट पर बैठा मिला।पूछताछ के दौरान वह घबरा गया। विश्वास में लेने पर उसने बताया कि उसकी आयु लगभग 16 वर्ष है और वह पाकुड़ जिले का निवासी है। उसने स्वीकार किया कि वह माता-पिता के पढ़ाई के दबाव से परेशान होकर घर से भाग आया था तथा दिल्ली जाकर मजदूरी करने का इरादा रखता था।आरपीएफ टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बालक को आरपीएफ पोस्ट बरहरवा लाया और तत्काल सूचना बाल संरक्षण मंथन, बरहरवा साहिबगंज को दी। तत्पश्चात बालक से उसके परिवार का संपर्क नंबर प्राप्त कर माता-पिता से संपर्क साधा गया। सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद, नाबालिग को बाल संरक्षण मंथन बरहरवा की अनुराधा मंडल को सुरक्षित रूप से सुपुर्द किया गया।आरपीएफ की इस मानवीय और संवेदनशील कार्रवाई की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है। यह कदम न केवल उनकी सतर्कता का उदाहरण है, बल्कि बाल सुरक्षा के प्रति सजग दृष्टिकोण को भी दर्शाता है।
