सुमन कुमार दत्ता /विशाल विचार
पाकुड़:- नगर थाना क्षेत्र के सोलागड़िया गांव में सोमवार की रात अपराधियों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल की पहचान कासिम अंसारी (40 वर्ष), निवासी सोलागड़िया, के रूप में की गई है। पुलिस ने मौके से दो खोखा और गोली का अगला हिस्सा बरामद किया है।

घटना कैसे हुई
जानकारी के अनुसार, कासिम अंसारी पत्थर व्यवसायी लुत्फुल हक के हिरणपुर थाना क्षेत्र स्थित खदान में कार्यरत था। सोमवार की देर शाम जब वह काम से लौटकर अपने घर पहुंचे, तभी पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।गोली कासिम के पेट में दो और प्राइवेट पार्ट के पास एक लगी, जिससे वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े। परिजनों के शोर मचाने पर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक अपराधी फरार हो चुके थे।

अस्पताल में भर्ती, रेफर किया गया बेहतर इलाज के लिए
घायल कासिम को ग्रामीणों की मदद से सदर अस्पताल, पाकुड़ लाया गया। डॉ. प्रकाश मुर्मू ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।

पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी बाबलु कुमार, मुफस्सिल इंस्पेक्टर अनूप रोशन भेंगरा, एसआई अभिषेक कुमार, सुबल कुमार, और हिरणपुर थाना के एएसआई सनातन मांझी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने बताया कि कासिम के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज अपराधियों की पहचान में अहम भूमिका निभा सकती है। अस्पताल में दिए गए बयान में घायल ने कुछ लोगों के नाम का भी जिक्र किया है।

स्थानीय सूत्रों की जानकारी
स्थानीय लोगों के मुताबिक, कासिम मूल रूप से लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के बिचामहल गांव का निवासी है। तीन साल पहले उसने सोलागड़िया गांव के सुनसान इलाके में मकान बनाकर परिवार सहित रहना शुरू किया था। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और सनसनी फैल गई है।
थाना प्रभारी का बयान
“कासिम अंसारी को गोली मारे जाने की सूचना पर तुरंत कार्रवाई की गई है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि वह पत्थर खदान में कार्यरत था। हम सभी संभावित कारणों की जांच कर रहे हैं। अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।”
— बबलु कुमार, थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक, पाकुड़
PakurCrime #JharkhandNews #Shooting #PoliceInvestigation #CrimeNews #Solagadia
