श्रीकांत दास / विशाल विचार

बरहरवा साहिबगंज बरहरवा रेलवे स्टेशन संध्या लगभग 18:30 बजे, आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार हमराह सहायक उप निरीक्षक बी. एन. टुडू एवं कांस्टेबल राकेश कुमार के साथ बरहरवा रेलवे स्टेशन परिसर में मानव तस्करी एवं अन्य असामाजिक तत्वों के विरुद्ध जांच अभियान चला रहे थे।जांच के दौरान जब टीम प्लेटफार्म संख्या 1 के समीप फूट ओवर ब्रिज के पास पहुंची, तो वहां एक नाबालिग लड़की संदिग्ध अवस्था में खड़ी दिखाई दी। संदेह होने पर जब टीम ने उससे पूछताछ की, तो वह घबरा गई और असंगत बातें करने लगी।कड़ाई से पूछताछ करने पर लड़की ने अपनी उम्र 16 वर्ष तथा जिला पाकुड़ की निवासी होना बताया। उसने आगे बताया कि वह बरेली (उत्तर प्रदेश) के एक युवक से इंस्टाग्राम के माध्यम से संपर्क में आई थी और उसके साथ जाने के उद्देश्य से अपने माता-पिता को बिना बताए घर से भागकर बरहरवा स्टेशन पहुंची थी, जहां से वह बरेली जाने की योजना में थी।लड़की की गतिविधियों पर संदेह होने के कारण उसे आरपीएफ पोस्ट बरहरवा लाया गया। तत्पश्चात मामले की सूचना बाल संरक्षण संस्था “मंथन”, बरहरवा, साहिबगंज को दी गई। पूछताछ के क्रम में लड़की के परिजनों से भी संपर्क कर उन्हें घटना की जानकारी दी गई।सभी कानूनी औपचारिकताएं पूर्ण करने के उपरांत, उक्त नाबालिग लड़की को बाल संरक्षण मंथन, बरहरवा साहिबगंज की अनुराधा मंडल के सुपुर्द किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *