छठ महापर्व की तैयारियों का उपायुक्त मनीष कुमार व पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर दिए निर्देश
सुमन कुमार दत्ता /विशाल विचार
पाकुड़:-लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर पाकुड़ जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। सोमवार को उपायुक्त मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने संयुक्त रूप से शहर के प्रमुख छठ घाटों — कालीभषान तालाब, टीन बंगला, साधु पोखर और रामसागर पोखर का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, ट्रैफिक नियंत्रण और स्वास्थ्य सुविधा से जुड़ी तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया।उपायुक्त मनीष कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि घाटों की सफाई, प्रकाश व्यवस्था, गोताखोरों की तैनाती और एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए ताकि श्रद्धालुओं और व्रतियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि छठ पर्व के दौरान सभी अधिकारी लगातार भ्रमण करते रहें और यह सुनिश्चित करें कि घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।वहीं पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने ट्रैफिक व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंधन को लेकर विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घाटों के आसपास भीड़ प्रबंधन, अतिक्रमण हटाने तथा महिला एवं बाल सुरक्षा की विशेष निगरानी रखी जाए।निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने अग्निशमन वाहन, लाइटिंग व्यवस्था, विद्युत कनेक्शन सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने मौके पर उपस्थित संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।प्रशासन के इस निरीक्षण से साफ है कि जिला प्रशासन छठ महापर्व को लेकर पूरी तरह सजग और संवेदनशील है, ताकि यह आस्था का पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और श्रद्धा के वातावरण में संपन्न हो सके।
