श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता — बिजली, शंकुतला और मुक्तेश्वर घाट सुरक्षित, ओझाटोली घाट असुरक्षित घोषित।

श्रीकांत दास / विशाल विचार

साहिबगंज महापर्व छठ को लेकर जिला प्रशासन की ओर से तैयारियाँ जोरों पर हैं। जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त हेमंत सती ने सोमवार को विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गंगा नदी के जलस्तर, घाटों की भौगोलिक स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया।निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त हेमंत सती द्वारा बिजली घाट, शंकुतला घाट, मुक्तेश्वर घाट, ओझाटोली घाट, चानन घाट एवं कबूतर खोपी घाट का जायजा लिया गया। उन्होंने साफ-सफाई, बेरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल एवं शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उपायुक्त हेमंत सती ने कहा कि “श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रत्येक घाट पर सभी मानकों का पालन अनिवार्य रूप से किया जाए।”गंगा नदी के जलस्तर एवं स्थल निरीक्षण के आधार पर बिजली घाट, शंकुतला घाट और मुक्तेश्वर घाट को सुरक्षित घाट घोषित किया गया है। वहीं, अधिक जलस्तर और मिट्टी कटाव के कारण ओझाटोली घाट को असुरक्षित घोषित करते हुए वहां छठ पूजा आयोजित न करने की सलाह दी गई है। हालांकि ग्रामवासियों द्वारा नदी तट पर वैकल्पिक व्यवस्था की गई है।उपायुक्त हेमंत सती ने ओझाटोली घाट पर श्रद्धालुओं से अपील की कि वे गहरे पानी में न उतरें। उन्होंने पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी घाटों पर पुलिस बल और गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित की जाए।उन्होंने आगे कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए घाटों की तैयारी समय पर पूरी करें ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। पुलिस प्रशासन को निर्देशित किया गया कि भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था एवं आपातकालीन सेवाओं की तैनाती की विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि महापर्व छठ शांति, श्रद्धा और सुरक्षा के साथ सम्पन्न हो सके।निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता गौतम भगत, अनुमंडल पदाधिकारी अमर जॉन आईन्द, अंचलाधिकारी बासुकीनाथ टुडू, नगर प्रशासक अभिषेक कुमार सिंह एवं नगर प्रबंधक विरेश कुमार उपस्थित थे।अंत में उपायुक्त हेमंत सती ने सभी छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं तथा उनके सुरक्षित एवं मंगलमय पर्व की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *