छठ महापर्व ने जोड़ी संस्कृति, समाज और प्रकृति की डोर पाकुड़ में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सुनी प्रधानमंत्री मोदी की ‘मन की बात’
सुमन कुमार दत्ता /विशाल विचार
पाकुड़-भारतीय जनता पार्टी, पाकुड़ जिला इकाई की ओर से रविवार को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 127वें संस्करण को जिलेभर के विभिन्न बूथों पर कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से सुना। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अमृत पाण्डेय ने पाकुड़ विधानसभा के बूथ संख्या 406 पर कार्यकर्ताओं संग कार्यक्रम का श्रवण किया।कार्यक्रम में जिला महामंत्री रूपेश भगत, पूर्व जिलाध्यक्ष विवेकानंद तिवारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अनुग्रहित प्रसाद साह, जिला उपाध्यक्ष विजय भगत, राजेंद्र शेखर सिंह, धर्मेंद्र त्रिवेदी, अनिता मुर्मू, सरिता मुर्मू, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष शबरी पाल, पार्वती देवी, सपन दुबे, संदीप भगत, रतन भगत, नगर अध्यक्ष सोहन मंडल सहित सभी मंडल अध्यक्षों व कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने बूथों पर ‘मन की बात’ सुनी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में छठ महापर्व का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि यह पर्व संस्कृति, प्रकृति और समाज के बीच की गहरी एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि “छठ के घाटों पर समाज का हर वर्ग एक साथ खड़ा होता है — यह भारत की सामाजिक एकता का सबसे सुंदर उदाहरण है।” प्रधानमंत्री ने सभी देशवासियों से अपील की कि अगर अवसर मिले तो वे छठ महापर्व में अवश्य भाग लें और इसकी भव्यता का अनुभव करें।प्रधानमंत्री मोदी जी ने राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने पर नागरिकों से आग्रह किया कि वे इसके मूल्यों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाएं ताकि यह अवसर अविस्मरणीय बन सके।कार्यक्रम के दौरान उन्होंने BSF और CRPF में स्वदेशी कुत्तों को अपनाने की सराहना करते हुए कहा कि “हमारे देसी कुत्तों ने अद्भुत साहस का परिचय दिया है। छत्तीसगढ़ में एक स्वदेशी कुत्ते ने 8 किलो विस्फोटक का पता लगाकर कई जानें बचाईं।”प्रधानमंत्री ने देश के विभिन्न हिस्सों से स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रेरक उदाहरण भी साझा किए। उन्होंने छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में ‘गार्बेज कैफे’ की सराहना की, जहाँ प्लास्टिक कचरे के बदले भोजन दिया जाता है। बेंगलुरु के कपिल शर्मा और उनकी टीम द्वारा कुओं और झीलों के पुनर्जीवन कार्य की भी चर्चा की।
गुजरात के धोलेरा और कच्छ में मैंग्रोव वृक्षारोपण से समुद्री पारिस्थितिकी में सुधार और डॉल्फिन, क्रैब व प्रवासी पक्षियों की संख्या में वृद्धि को उन्होंने पर्यावरणीय सफलता का प्रतीक बताया।प्रधानमंत्री ने अंत में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को आगे बढ़ाने का आह्वान किया, जिससे पर्यावरण संरक्षण को जन-जन का संकल्प बनाया जा सके।भाजपा जिलाध्यक्ष अमृत पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री की ‘मन की बात’ समाज को प्रेरणा देने वाला कार्यक्रम है, जो हर भारतीय में सकारात्मक ऊर्जा और राष्ट्रभावना का संचार करता है।
PakurNews #BJP #MannKiBaat #NarendraModi #ChhathMahaparv #VandeMataram150 #SwachhBharat #EnvironmentalAwareness #OneTreeForMother #JharkhandNews #PakurBJP
