श्रीकांत दास । संवाददाता (विशाल विचार)

साहिबगंज छठ महापर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज उपविकास आयुक्त सतीश चंद्रा के नेतृत्व में जिला स्तरीय पदाधिकारियों की टीम ने साहिबगंज नगर क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न छठ गंगा घाटों का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सुरक्षा, पेयजल, चेंजिंग रूम तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया गया। इस अवसर पर परियोजना निदेशक आईटीडीए संजय कुमार दास, जिला आपूर्ति पदाधिकारी झुन्नु मिश्रा, अनुमंडल पदाधिकारी साहिबगंज अमर जॉन आइन्द, सिटी मैनेजर वीरेश कुमार, नगर परिषद एवं विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।उपविकास आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी छठ गंगा घाटों पर समुचित प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, खराब हाई मास्क लाइटों को शीघ्र ठीक कराया जाए, साउंड सिस्टम की उपलब्धता तथा पर्याप्त साइनेज लगाए जाएं ताकि छठ व्रतियों और आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की बात कही और जोर दिया कि स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था एवं सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि पर्व शांतिपूर्ण और भव्य रूप में सम्पन्न हो सके। साथ ही उन्होंने स्थानीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी तैयारियों को पूरा किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *